गाजियाबाद में एक्सीडेंट में 2 युवक की मौत:1 घायल, बाइक से जा रहे थे तीनों; कार ने मारी टक्कर

गाजियाबाद में बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे। हादसे में प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य युवक (साहिल और शिवा) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शिवा की भी मौत हो गई। तीसरे घायल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। चश्मदीदों ने बताया-कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि संभलने का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सामान्य रफ्तार में चल रही थी, लेकिन इनोवा इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही बाइक कई मीटर दूर जा गिरी। लोगों ने जैसे ही हादसा देखा, मौके की ओर दौड़ पड़े। वहीं, कार में सवार लोग मदद करने के बाद गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। हिट-एंड-रन में केस दर्ज
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और कार काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बचने की कोई संभावना नहीं बची। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। परिजनों ने अंबेडकर रोड पर लगाया जाम
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह गुस्साए परिजनों ने अंबेडकर रोड पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपी कार चालक गिरफ्तार नहीं होगा और उन्हें इंसाफ नहीं मिलेगा, वे जाम नहीं खोलेंगे। कई घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और कार चालक की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।