सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित गोटी बांध गांव में एक दलित दंपती के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि सहजन सेवा केंद्र के संचालक ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर दंपती की पिटाई की। जानकारी के अनुसार, गोटी बांध के झड़पी निवासी विजय कुमार पुत्र काशी राम अपना जॉब कार्ड लेने सहजन सेवा केंद्र गए थे। केंद्र संचालक ने उन्हें जॉब कार्ड देने से मना कर दिया। इसके बाद विजय कुमार ग्राम प्रधान को लेकर केंद्र पहुंचे। प्रधान को साथ देखकर केंद्र संचालक भड़क गया और विजय कुमार की पिटाई करने लगा। पति को पिटता देख विजय कुमार की पत्नी ममिता बीच-बचाव करने आईं। आरोप है कि सहजन सेवा केंद्र संचालक, उसके भाई और पिता ने मिलकर दोनों दलित पति-पत्नी को पीटा। घटना के दौरान आसपास खड़े कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित दंपती ने इस मामले में स्थानीय पुलिस चौकी सरई गढ़ में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका कहना है कि अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। पीड़ित ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन आरोपियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न सहित उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।