नीले ड्रम वाली मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया:पति का आज ही बर्थडे; मेरठ में परिवार बोला- बच्चा सौरभ या साहिल का? DNA टेस्ट कराएंगे

मेरठ जेल में बंद नीले ड्रम वाली मुस्कान रस्तोगी ने बेटी को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने 6.50 बजे नॉर्मल डिलीवरी कराई है। मुस्कान और उसकी बच्ची स्वस्थ्य हैं। खास बात है कि मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या में आरोपी है, वह भी आज यानी 24 नवंबर के दिन पैदा हुआ था। यह मुस्कान की दूसरी बेटी है। बड़ी बेटी पीहू अपने नाना-नानी के साथ रहती है। रविवार की रात मुस्कान को पेट में तेज दर्द उठा। जेल के डॉक्टरों ने चेकअप के बाद अल्ट्रासाउंड के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया, मुस्कान को मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड में भर्ती करवाया गया था। HOD डॉ. शगुन ने बताया, मुस्कान का बेबी ढाई किलो का है। उसे पहला बेबी जो हुआ था, वो नॉर्मल हुआ था। इसलिए हमारा प्रयास था कि दूसरा बेबी भी नॉर्मल कराया जाए। 5 डॉक्टरों की टीम ने मुस्कान की नॉर्मल डिलीवरी कराई है। मुस्कान अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के जुर्म में बॉयफ्रेंड साहिल के साथ गिरफ्तार की गई थी। जिस समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, वह डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी। सौरभ के बड़े भाई ने कहा- बच्चे का DNA टेस्ट कराएंगे
सौरभ के बड़े भाई राहुल ने कहा- मुस्कान के होने वाले का बच्चे का हम लोग DNA टेस्ट कराएंगे। अगर वह बच्चा सौरभ का होता है, तो उसको हम लोग अपनाएंगे। अब विस्तार से पढ़िए… मुस्कान का नाम सुनकर मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे लोग
मुस्कान को देखने के लिए तमाम लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं। इसलिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मियों को मुस्कान की देखरेख और सुरक्षा को संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। क्योंकि मुस्कान का नाम सुनते ही भीड़ उमड़ पड़ी है। भीड़ उसे देखना और उसकी वीडियो शूट करना चाहती है। मुस्कान के कारण आम मरीज परेशान
एक मरीज के तीमारदार लोकेश कुमार सैनी ने बताया, मुस्कान यहां भर्ती है। जबसे मुस्कान आई है, तबसे हमें बहुत मुश्किल हो रही है। यहां हमें बार-बार गेट बंद करने पड़ रहे हैं। जैसे ही उसको लाया जाता है, पूरी गैलरी खाली करा दी जाती है। मुस्कान के कारण अन्य मरीजों को परेशानी होती है। मुस्कान की तरफ से कोई तीमारदार नहीं पहुंचा डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए 28 नवंबर की डेट दी थी। लेकिन, 4 दिन पहले ही मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया। मुस्कान की तरफ से कोई तीमारदार भी अस्पताल नहीं पहुंचा। केवल जेल पुलिस और लोकल पुलिस मौजूद है। बच्चे का सारा सामान (कपड़े) जेल से ही आएगा। जेल की तरफ से सबसे पहले कोर्ट को बताया जाएगा कि जेल में बंद एक औरत को बच्ची हुई है। इसके बाद कोर्ट ऑर्डर करेगा। ऑर्डर के मुताबिक बच्ची को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। बच्ची जेल में अपनी मां मुस्कान के साथ ही रहेगी। मुस्कान के पेट में किसका बच्चा किसका? ये पता नहीं
पति सौरभ की हत्या की आरोपी मुस्कान 19 मार्च, 2025 से मेरठ जिला जेल में है। सौरभ के परिवार का कहना है कि मुस्कान जब बच्चे को जन्म देगी, तो पहले उस बच्चे का डीएनए कराएंगे। रिपोर्ट में अगर बच्चा सौरभ का निकला, तब वो उस बच्चे को स्वीकार करेंगे, अन्यथा उन्हें उस बच्चे से मतलब नहीं होगा। सौरभ हत्याकांड का आरोपी और मुस्कान का ब्वाय फ्रेंड साहिल भी जेल में बंद है। वह जेल में खेती कर रहा है। जेल में साहिल के बाल भी कट चुके हैं। उससे मिलने उसकी नानी और भाई ही जेल में आए थे। जबकि मुस्कान से मिलने आज तक कोई नहीं गया। उसका परिवार उससे कोई ताल्लुक नहीं रखना चाहता।
17 मार्च को खुला था केस
मेरठ के ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र में 3 मार्च को सौरभ की उसकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल राजपूत के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसकी लाश को नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में भर दिया था। लाश को तीन टुकड़ों में काटकर ड्रम में डालकर सीमेंट और बालू के घोल से सील कर दिया था। 17 मार्च को इस केस का खुलासा हुआ था। जिला जज की कोर्ट में चल रही है सुनवाई
सौरभ हत्याकांड के केस में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब यह केस मेरठ जिला जज की कोर्ट में ट्रायल पर चल रहा है। इसमें लगातार सुनवाई हो रही है। अब तक 13 गवाहों की गवाही हो चुकी है। किस तरह से सौरभ की हुई थी हत्या, पढ़िए… लंदन से लौटकर मेरठ आए मर्चेंट नेवी में अफसर सौरभ कुमार राजपूत की उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने 3 मार्च की रात को हत्या कर दी। इस काम में उसका साथ बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला उर्फ मोहित ने दिया। पहले खाने में दवा मिलाकर बेहोश किया। फिर बेडरूम में सोते समय पति के सीने में मुस्कान ने ही पहला चाकू मारा। मौत के बाद लाश को बाथरूम में ले गए। जहां साहिल ने दोनों हाथ और सिर काटकर धड़ से अलग किया। बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के ड्रम में टुकड़े डाले। फिर उसमें सीमेंट का घोल भर दिया। परिवार और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए मुस्कान शिमला-मनाली चली गई। 13 दिन तक वह इंस्टाग्राम पर वीडियो-फोटो अपलोड करती रही, ताकि लोग यही समझते रहें कि वह लोग घूम रहे हैं। इस कत्ल से पर्दा तब हटा, जब 18 मार्च को सौरभ का छोटा भाई राहुल अपने भाई के ब्रह्मपुरी के इंदिरा सेकेंड स्थित घर पर पहुंचा। यहां उसने मुस्कान को एक लड़के (साहिल) के साथ घूमते देखा। भाई कहां हैं? पूछने पर सही जवाब मुस्कान नहीं दे सकी। घर के अंदर से बदबू भी आ रही थी। राहुल ने शोर मचाया, तब पड़ोसी भी इकट्‌ठा हो गए। पुलिस आई तो मर्डर का पता चला। पुलिस कस्टडी में मुस्कान और साहिल ने कत्ल की पूरी कहानी सुनाई थी। —————— मेरठ की जेल में मुस्कान से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… मेरठ जेल में नीले ड्रम वाली मुस्कान मोटी हुई:बॉयफ्रेंड साहिल ने बदला लुक; कोर्ट में देख कैब ड्राइवर चौंका, बोला- मेरी गाड़ी से उत्तराखंड गए थे मेरठ जेल में बंद नीले ड्रम वाली मुस्कान का वजन बढ़ गया है। पति सौरभ हत्याकांड में गिरफ्तारी के वक्त वह दुबली-पतली थी। लेकिन अब मोटी दिखने लगी है। मुस्कान के बॉयफ्रेंड साहिल ने भी अपना लुक बदल लिया है। पहले उसके बाल बड़े थे। मगर छोटे हो गए हैं। वह पहले से तंदरुस्त हो गया है। पढ़िए पूरी खबर