‘कांग्रेस ने सबको डुबाया, अब ममता की बारी’:झांसी में शिवराज सिंह बोले- बिहार में जनता की बात हो रही थी, राहुल भैया ‘SIR’ लेकर आ गए

झांसी में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा-कांग्रेस जिसके भी साथ जाती है, उसका राजनीतिक भविष्य बर्बाद होना तय है। बिहार में जनता के मुद्दों पर चर्चा चल रही थी, लेकिन राहुल भैया SIR और वोट चोरी लेकर आ गए। कांग्रेस सबको ले डूबी है, अब ममता की बारी है। कांग्रेस की राजनीति पूरी तरह अवसरवाद पर आधारित है और वह किसी भी राज्य में स्थिरता या विकास नहीं ला सकती। जनता कांग्रेस और उसके नेताओं के इरादों को अच्छी तरह समझ चुकी है, इसलिए उसका खत्म होना तय है। सबसे पहले 2 तस्वीरें देखिए झांसी में शिवराज सिंह चौहान का हुआ जोरदार स्वागत… भगवान राम और माता जानकी की शादी में शामिल होने पहुंचे शिवराज सिंह
झांसी से सटे मध्य प्रदेश के ओरछा में स्थित रामराजा दरबार में मंगलवार को भगवान राम और माता जानकी का भव्य विवाह उत्सव मनाया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम दिल्ली से वंदे भारत एक्सप्रेस से झांसी पहुंचे। शिवराज सिंह के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने स्टेशन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे ओरछा के लिए रवाना हो गए। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान झांसी स्टेशन पर लगभग एक घंटे रुके। इनके बाद वह कार में सवार होकर ओरछा के लिए रवाना हो गए। यहां मंगलवार को भव्य शोभायात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच विवाह उत्सव आयोजित किया जाएगा। रामराज्य ही विश्व शांति का रास्ता दिख सकता है: शिवराज सिंह
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने ‘सिया-राम मय सब जग जानी’ दोहा सुनाते हुए कहा- राम हमारे रोम-रोम में बसे हैं। रामराज्य ही विश्व शांति का मार्ग दिखा सकता है। जब मेरा जन्म हुआ, तब भगवान राम के मंदिर का निर्माण हुआ। मैं भाग्यशाली हूं कि आज राम-जानकी विवाह महोत्सव में शामिल होने जा रहा हूं। वहीं, बिहार चुनाव को लेकर विपक्ष की प्रतिक्रियाओं पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा- जिनके भाग्य में गुस्सा करना और बाद में पछताना लिखा है, वे वही करेंगे। लेकिन पूरा देश प्रसन्न है। यह (भाजपा की जीत) वही है, जिसका संदेश भगवान राम ने दिया था। दूसरों के हित और कल्याण के लिए है रामराज्य। अब अगर कुछ लोगों को इससे तकलीफ होती है, तो हम क्या कर सकते हैं? बोले-फर्जी वोट जुड़वा कर जो लोग जीतते थे, वही नाम कट रहे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) पर कहा-विदेशी और घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से बाहर करना चुनाव आयोग का दायित्व है। चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है। जो लोग फर्जी वोट जुड़वाकर चुनाव जीतते थे, उन्हीं घुसपैठियों के नाम काटे जा रहे हैं। यह देशहित और राष्ट्रहित में फैसला है। अगर विपक्ष जनता के असली मुद्दों पर काम करें, तभी लोगों पर असर पड़ेगा। लेकिन वे केवल भ्रम फैलाने में लगे हैं। अखिलेश, केजरीवाल, तेजस्वी के बाद अब ममता की बारी
उन्होंने कहा-बिहार में जनता के मुद्दों पर चर्चा हो रही थी, तभी राहुल भैया पहुंच गए और SIR-SIR, वोट चोरी-वोट चोरी चिल्लाने लगे। जनता बंपर वोट दे रही है, और ये लोग इसे वोट चोरी कहकर जनता का अपमान कर रहे हैं। अब भी यही आंदोलन की बात कर रहे हैं। कांग्रेस का हाल तो ऐसा हो गया है कि हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे। अखिलेश यादव, केजरीवाल, तेजस्वी यादव, और अब ममता बनर्जी की बारी है।
———- ये भी पढ़ें- नीले ड्रम वाली मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया:पति का आज ही बर्थडे; मेरठ में परिवार बोला- बच्चा सौरभ या साहिल का? DNA टेस्ट कराएंगे मेरठ जेल में बंद नीले ड्रम वाली मुस्कान रस्तोगी ने बेटी को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने 6.50 बजे नॉर्मल डिलीवरी कराई है। मुस्कान और उसकी बच्ची स्वस्थ्य हैं। खास बात है कि मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या में आरोपी है, वह भी आज यानी 24 नवंबर के दिन पैदा हुआ था। यह मुस्कान की दूसरी बेटी है। बड़ी बेटी पीहू अपने नाना-नानी के साथ रहती है। रविवार की रात मुस्कान को पेट में तेज दर्द उठा। जेल के डॉक्टरों ने चेकअप के बाद अल्ट्रासाउंड के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। पढ़िए पूरी खबर…