मेरठ पुलिस ने कुख्यात अमित मरिंडा गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गैंग के सक्रिय सदस्य नितिन कौशिक उर्फ मोनू हाइडिल पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मोनू हाइडिल मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ई-10 का निवासी है और पिछले चार महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा है। मोनू हाइडिल पर 12 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसे अमित मरिंडा का सबसे भरोसेमंद और ‘फ्रंट लाइन शूटर’ माना जाता है। कई आपराधिक मामलों में दोनों का नाम एक साथ सामने आया है। पिछले साल मई में लोहिया नगर पुलिस ने उसे मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजस होटल से अवैध हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद मोनू और अमित मरिंडा ने नौचंदी क्षेत्र के सेंट्रल मार्केट में कब्जे के विवाद के दौरान खुलेआम गोलियां चलाई थीं। इस घटना के बाद दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन दोनों ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वर्तमान में मोनू हाइडिल नौचंदी और मेडिकल थाना क्षेत्रों में रंगदारी, हनीट्रैप और गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह भूमिगत है। हाल ही में उसका हथियार लहराते और नाचते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिस पर पुलिस नया मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। डीआईजी ने पहले ही निर्देश दिए थे कि जिन अपराधियों पर 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हों, उनकी हिस्ट्रीशीट तुरंत खोली जाए। इसके बावजूद मेडिकल थाना पुलिस ने अब तक मोनू हाइडिल की हिस्ट्रीशीट नहीं खोली थी। अब बढ़ते दबाव के बीच उसकी हिस्ट्रीशीट खोले जाने की संभावना है। जिला पंचायत चुनाव से पहले पुलिस के लिए चुनौती
जिला पंचायत चुनाव नजदीक हैं और इससे पहले मोनू हाइडिल को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए सबसे कठिन टास्क बन गया है। सुरक्षा कारणों से पुलिस पूरे गैंग पर कड़ा शिकंजा कसने में जुटी है।