लखनऊ के आसमान में धनुषधारी श्रीराम का VIDEO:जंबूरी में 350 ड्रोन उड़े, आनंदीबेन बोलीं- भगवान फिर मुझे बच्चा बना दें

लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 19वां राष्ट्रीय जंबूरी मनाया जा रहा है। आज (24 नवंबर को) राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तिरंगा फहराकर इसका औपचारिक उद्घाटन किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को सभी स्काउट गाइड ने सलामी दी। शाम को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ड्रोन शो का उद्घाटन किया। 350 ड्रोन आसमान में उड़े। ड्रोन से आसमान में धनुषधारी श्रीराम, उत्तर प्रदेश सरकार का चिह्न, जंबूरी की आकृति आदि बनाई गई। ड्रोन शो का काफी क्रेज रहा। बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचे। इसके पहले बम-बम बोल रहा है काशी गीत पर शानदार प्रस्तुति हुई, तो भी लोग झूम उठे। यहां 30 हजार स्काउट गाइड का जमावड़ा है। इसमें सऊदी अरब, नेपाल, श्रीलंका, मालदीव के स्काउट गाइड शामिल हो रहे हैं। दिन में डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में एडवेंचर हुआ। मलखंब के जरिए स्काउट गाइड ने भाईचारे का संदेश दिया। सहभागी देशों के दलों ने इंटीग्रेशन डांस के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, विविधताओं और सांस्कृतिक मेल–मिलाप का संदेश दिया। विभिन्न देशों और राज्यों की झांकियां निकलीं। आनंदीबेन पटेल ने कहा- आप सभी को देखकर बहुत खुशी होती है। मन में इच्छा होती है कि ईश्वर हमें फिर से छोटा बच्चा बना दे। आप देश के भविष्य हैं। आपकी ऊर्जा गर्व का अनुभव कराती है। स्काउट गाइड संस्था बच्चों में सेवा, नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करती है। 5 तस्वीरें देखिए… ऐसे कार्यक्रम बढ़ाते हैं बच्चों का आत्मविश्वास
राज्यपाल ने विभिन्न प्रदेशों और विदेश से आए स्काउट गाइड प्रतिभागियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि जंबूरी बच्चों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने आयोजन को भारत की एकता और विविधता का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उनके व्यक्तित्व का विकास करते हैं। समाज के प्रति कर्तव्यबोध जगाते हैं। यह जंबूरी न केवल महोत्सव है, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी है। 28 नवंबर को समापन होगा कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भारत स्काउट एंड गाइड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन, चीफ नेशनल कमिश्नर डॉ. के.के. खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह, जंबूरी महासचिव एवं प्रादेशिक मुख्य आयुक्त प्रशांत कुमार, उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार आदि उपस्थित रहे। 28 नवंबर को इसका समापन होगा। 25 नवंबर को होने वाले सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। जंबूरी क्या है…
विश्वभर के स्काउट-गाइड इकट्ठा होकर सेलिब्रेशन करते हैं। इसी सेलिब्रेशन को जंबूरी कहा जाता है। 1920 से जंबूरी की शुरुआत हुई। यह चार साल में एक बार एक हफ्ते के लिए आयोजित किया जाता है। जंबूरी के दौरान सभी स्काउट-गाइड अपने देश, क्षेत्र की परंपराओं के अनुसार प्रदर्शन करते हैं। साथ ही स्काउट-गाइड के नियमों के अनुसार जो उन्हें प्रशिक्षण दिया जाता है, उसके एडवेंचर भी दिखाते हैं। पहला जंबूरी यूनाइटेड किंगडम में हुआ था। उसके बाद चौथा जंबूरी भारत में इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उसके बाद से नेशनल जंबूरी भी मनाया जाने लगा। 19वें नेशनल जंबूरी की मेजबानी यूपी (लखनऊ) को मिली है। जंबूरी के पल-पल अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग पढ़िए…