यूपी के अंबेडकरनगर में 35 साल के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए। उसे लाठी-डंडो से पीटा। सीने पर जूते मारे। सूचना पर पुलिस पहुंची। युवक को छुड़ाकर अस्पताल ले गई। वहां उसकी मौत हो गई। युवक को पीटने का एक वीडियो भी सामने आया है। युवक विपुल सिंह उर्फ अंकुर की हत्या पर दो बात सामने आ रही है। पहली, युवक गांव में रहने वाले रामतीरथ के घर घुस गया था। उसकी बेटी ने शोर मचाया। परिवार ने इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। दूसरी तरफ युवक के चाचा ने कहा- आरोपी दबंग किस्म के हैं। उनके खिलाफ पहले भी केस दर्ज हैं। सड़क से खींचकर ले गए। वहां पीट-पीटकर हत्या की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वह फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। चलिए, अब पूरा मामला विस्तार से पढ़ते हैं…
वारदात रविवार देर रात सम्मनपुर थानाक्षेत्र के पलई कल्याणपुर की है। आरोप है कि विपुल सिंह अपने घर से 2 किमी दूर रामतीरथ के घर में घुस गया। वहां उनकी 19 साल की बेटी पुष्पा ने विपुल को देख लिया। उसने शोर मचाया। आवाज सुनते ही रामतीरथ, उसकी पत्नी और बेटा दौड़ते हुए पहुंचे। युवक के हाथ-पैर बांध दिए। लाठी-डंडों से उसे पीटने लगे। वह लगातार छोड़ने की गुहार लगाता रहा लेकिन आरोपियों को रहम नहीं आया। पिटाई से वह बेहोश हो गया। इसी बीच, गांव के ही किसी शख्स ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। रामतीरथ का कहना है कि विपुल नशे में था। वह रात 11 बजे घर में घुसा था। चाचा ने कहा- रास्ते से खींचकर हत्या की
विपुल के चाचा वंश बहादुर सिंह ने कहा- 23 तारीख की शाम 5 बजे वह घर पर कहकर निकला था कि नानी के घर जा रहा हूं। बाजार में उसकी किसी से कहासुनी हुई। वहां से वो लोग उठाकर घर ले गए, जहां उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। वंश बहादुर सिंह की एप्लीकेशन पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि विपुल के साथ मारपीट और मौत की सूचना एक दिन बाद यानी सोमवार को उन्हें मिली। पुलिस की पीआरबी टीम उसे अस्पताल ले गई। वहां कुछ लोग उसे भर्ती कराकर चले आएं। मौत के 24 घंटे बाद भी हमें किसी ने सूचना नहीं दी। सोमवार शाम 3 बजे उसके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। वहां गए तो पता चला लाश मॉर्च्युरी में है। चाचा का आरोप है कि रामतीरथ, उसकी पत्नी और बेटे अतुल ने उनके भतीजे की हत्या की है। वे लोग आटा चक्की चलाते हैं लेकिन असल में वह दारू पीने का अड्डा है। FIR के बाद आरोपी फरार हो गए। उधर, करणी सेना के अध्यक्ष वीरू सिंह ने युवक की हत्या पर चेतावनी दी कि परिजन को 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए, नहीं तो बड़ा आंदोलन करेंगे। 6 साल पहले शादी हुई, पत्नी छोड़ गई थी
विपुल की 6 साल पहले शादी हुई थी, लेकिन 6 महीने बाद ही पत्नी छोड़कर चली गई थी। विपुल पंजाब में प्राइवेट नौकरी करता था। वह कुछ दिन पहले ही घर आया था। परिवार में पिता राम सकल सिंह, मां सोनी, बहन और एक छोटा भाई है। ‘लौट कर आजा बाबू’ कहकर रोती रही मां
विपुल की मौत के बाद घर में कोहराम मचा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने बेटे की मौत से सदमे में हैं। रोते हुए सिर्फ इतना कह रहीं कि जल्दी आ जा बाबू…लौट कर आजा। रोते-रोते वह बेहोश हो जा रहीं। बहन भी रो-रोकर बेसुध हो जा रही। सीओ सिटी नीतीश तिवारी ने बताया- हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।
—————— ये खबर भी पढ़ें….
गोरखपुर में मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या:बदमाशों ने घर में घुसकर हमला किया, प्रॉपर्टी को लेकर था विवाद गोरखपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से मां-बेटी की हत्या कर दी। सोमवार की देर शाम करीब साढ़े 9 बजे दोनों के शव घर में अलग-अलग कमरों में मिले। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस, डीआईजी और एसएसपी घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घर का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड ने सबूत खंगाले। शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रॉपर्टी विवाद को लेकर विवाद था। सरेशाम हुए इस डबल मर्डर से लोगों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पढ़ें पूरी खबर…