युवती ने ब्लैकमेल किया, ज्वेलर ने जहर खाकर जान दी:आगरा में पिता बोले- 8 घंटे में 116 कॉल किए, अश्लील वीडियो बनाकर रुपए ऐंठे

आगरा में ज्वेलर के 19 साल के इकलौते बेटे की मौत हो गई। दीपावली से एक दिन पहले (19 अक्टूबर) हुई मौत में परिवार वालों को लगा कि बेटे ने जहर खाकर जान दी है। कुछ दिन बाद परिवारवालों ने बेटे का मोबाइल चेक किया। इसमें ब्लैकमेलिंग, धमकी और रुपए ऐंठने की सच्चाई सामने आ गई। उसको एक लड़की ने आपत्तिजनक फोटो बनाकर फंसा लिया था। लड़की के साथी लगातार पैसे मांगते रहे और टॉर्चर करते रहे। मौत से पहले उसके मोबाइल पर 8 घंटे में 116 कॉल आए थे। सबसे ज्यादा कॉल ब्लैकमेल करने वाली लड़की के थे। परिवार वालों का कहना है कि ब्लैकमेलिंग के दबाव में बेटा टूट गया। आरोपियों ने ही उसे जहर दिया। पिता का आरोप है बेटे की मौत के बाद पुलिस भी लगातार उनको परेशान करती रही। 24 अक्टूबर से लगातार थाने से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था। दो दिन पहले जब पुलिस कमिश्नर ने आदेश किया तब जाकर सोमवार रात मेरी FIR दर्ज की गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जानिए पूरा मामला… इकलौता बेटा था, 5 महीने बाद शादी थी
आगरा के थाना सिकंदरा के अटूस में ज्वेलर मुकेश वर्मा रहते हैं। उन्होंने बताया- मेरी रायभा में ज्वेलर्स की दुकान है। राज उर्फ प्रिंस (19) मेरा इकलौता बेटा था। वही मेरा बिजनेस संभाल रहा था। 5 महीने बाद उसकी शादी होनी थी। लेकिन, एक ब्लैकमेलर लड़की ने हमारा पूरा परिवार उजाड़ दिया। उन्होंने बताया- मेरे बेटे राज की 19 अक्टूबर को जहर खाने से मौत हो गई थी। उस समय मुझे लगा था कि उसने सुसाइड कर लिया है। बाद में जब मैंने उसका मोबाइल चेक किया, तो पता चला कि उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। मेरे बेटे को अश्लील वीडियो-फोटो से ब्लैकमेल किया गया
पिता ने बताया- करीब 3 महीने पहले कीर्ति नाम की एक लड़की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची थी। यहीं से उसने बेटे का फोन नंबर ले लिया। इसके बाद से लड़की का फोन बेटे के पास आने लगा और उसने उसे अपने जाल में फंसा लिया था। इसके बाद उसके साथ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे। इन फोटो को दिखाकर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। बाद में मेरे बेटे को पता चला कि यह लड़की कई लोगों को इसी तरह फंसाकर रुपए ऐंठती है। उसके बाद उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। एक बार मेरे बेटे ने मुझे बताया था कि कीर्ति ने रुपए न देने पर कुछ लड़कों के साथ मिलकर मारपीट की थी। अगर हमने उसकी शिकायत की, तो वह झूठे रेप केस में फंसा देगी। इसीलिए उस समय मैंने पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में मुझे पता चला कि वह रेप केस में फंसाने के नाम पर बेटे से मोटी रकम ऐंठ चुकी थी। 53 कॉल के बाद मेरा बेटा टूट गया और जान दे दी
19 अक्टूबर को मेरे बेटे ने जहर खा लिया था। उसे प्रभा हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। तब मुझे यही लगा कि उसने सुसाइड किया है। लेकिन, 24 अक्टूबर को जब मैंने उसका मोबाइल चेक किया, तो हैरान रह गया। सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक उसे 116 कॉल आए थे। सुसाइड से ठीक पहले कीर्ति के 53 कॉल आए थे। तरुण नाम के युवक के 46 कॉल आए थे। तरुण उसी सुबह एक लड़की के साथ मेरे घर आया था और पैसे मांग रहा था। मेरे बेटे ने जब पैसे नहीं दिए तो उसे टॉर्चर किया गया। मुझे शक है कि उन्हीं लोगों ने मेरे बेटे को जहर दिया होगा। 20 लाख रुपए ऐंठ लिए गए थे
पिता ने बताया- मेरे बेटे के मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और ब्लैकमेलिंग के सबूत मिले हैं। बेटे ने कीर्ति को एक लाख रुपए ऑनलाइन भेजे थे, जबकि करीब 19 लाख रुपए वह कैश ले चुकी थी। चैट में यह भी मिला कि इस लड़की ने 3 और लोगों को इसी तरह फंसा रखा है। उनसे भी लाखों रुपए ऐंठे हैं। मुकेश वर्मा ने बताया कि मैं पूरे एक महीने से मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने से लेकर अफसरों के चक्कर लगाता रहा। 2 दिन पहले जब मैंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। उसके बाद मेरी FIR दर्ज की गई है। मैं अब चाहता हूं कि आरोपी को कड़ी सजा मिले, ताकि वह किसी और का घर न उजाड़ सके। मैं अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं। एसीपी हरिपर्वत अक्षय महाडिक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ————————– ये खबर भी पढ़ें… यूपी में शादी से एक दिन पहले लेखपाल का सुसाइड:रोते हुए बहन बोली- छुट्‌टी ली तो कानूनगो ने घर आकर सस्पेंड कर दिया ​​​​​यूपी के फतेहपुर में शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने सुसाइड कर लिया। 26 नवंबर को बारात जानी थी। 24 नवंबर को ही घर में शादी की रस्में हल्दी-मेहंदी शुरू हो चुकी थीं। इसके चलते लेखपाल सुधीर कुमार कोरी सोमवार को ड्यूटी पर नहीं गए थे। परिवार के मुताबिक, मंगलवार सुबह कानूनगो घर आए और लेखपाल को डांटने लगे। इसके बाद सुधीर कमरे में गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। बहन ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज नहीं आई, तो परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो सुधीर फंदे से लटके थे। बेटे की लाश देखकर मां बेहोश हो गई। पूरी खबर पढ़िए