कुशीनगर में रोड दुर्घटना में दो दोस्तों की मौत:हरका चौराहे पर अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से हादसा, दोनों युवक गांव में थे लोकप्रिय

कुशीनगर में पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के हरका चौराहे पर बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक और एक अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर में गुलेल गांव निवासी अरमान और इरफान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, अरमान और इरफान बाइक से कुबेरस्थान की ओर जा रहे थे। हरका चौराहे पर सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। गुलेल गांव के नौशाद अंसारी, शमसाद अंसारी, सलमान अंसारी, अफरोज, दीपक प्रसाद, सचिन प्रसाद और सतीश प्रसाद सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। दोनों युवक गांव में मिलनसार और लोकप्रिय थे, जिससे खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सैकड़ों लोग दोनों युवकों की अंतिम विदाई में शामिल हुए, जिससे गांव में गमगीन माहौल रहा। सिधुआं बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि टक्कर एक पिकअप वाहन से हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक युवक की मौत मौके पर हुई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शाम 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।