भारतीय कप्तान बनने के 4 घंटे बाद म्हात्रे का शतक:मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई ने विदर्भ को हराया, मप्र से वेंकटेश ने फिफ्टी लगाई

18 साल के युवा बैटर आयुष म्हात्रे ने शुक्रवार को भारतीय अंडर-19 टीम का कप्तान बनने के 4 घंटे बाद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक जमा दिया। म्हात्रे की पारी की बदौलत मुंबई ने एलीट ग्रुप बी में विदर्भ पर 7 विकेट की जीत हासिल की। इधर, कोलकाता में वेंकटेश अय्यर (नाबाद 55 रन) की फिफ्टी के सहारे मप्र ने बिहार पर 62 रन की जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयुष म्हात्रे ने 53 गेंद पर 110 रन की नाबाद पारी खेली। उन्हें सुबह 11:50 बजे अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था। आयुष दोपहर 15.20 बजे मुंबई की ओर से ओपन करने उतरे और शतक बना दिया। उन्होंने 8 छक्के और इतने ही चौके लगाए। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। अन्य मैचों में रेलवे और आंध्र प्रदेश को जीत मिली। मुंबई के लिए म्हात्रे के अलावा, शिवम दुबे (31 रन पर 3 विकेट और 39* रन) ने दोहरा प्रदर्शन किया। जबकि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने म्हात्रे के साथ केवल 35 गेंद पर 85 रन की अटूट साझेदारी कर मुंबई को बड़ी जीत दिला दी। मुंबई ने 21 रन पर गंवा दिए थे 2 विकेट
193 रन का टारगेट चेज कर रही मुंबई की टीम ने 21 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। अजिंक्य रहाणे जीरो और हार्दिक तामोरे एक रन बनाकर आउट हुए। ऐसे में म्हात्रे ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। इस साझेदारी को यश ठाकुर ने तोड़ा। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने 39 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 13 गेंद पहले जीत दिला दी। टीम ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 194 रन बनाए। अथर्व-अमन की फिफ्टी, विदर्भ ने 193 का टारगेट दिया
टॉस हारकर बैटिंग कर रहे विदर्भ ने अथर्व तायड़े (64) और अमन मोखड़े (61) के अर्धशतकों की बदौलत नौ विकेट पर 192 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ओपनर तायड़े और मोखड़े ने पहले 10 ओवरों में 115 रनों की साझेदारी करके विदर्भ के लिए मजबूत शुरुआत दिलाई। लेकिन, टीम 200 के आंकड़े को पार करने में नाकाम रही। तायड़े ने 36 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए। जबकि मोखड़े ने केवल 30 गेंदों पर 61 रनों की पारी में दो छक्के और सात चौके लगाए। दुबे और साईराज पाटिल (33 रन पर तीन विकेट) आपस में छह विकेट साझा कर विदर्भ की रन गति को नियंत्रित करने में सफल रहे। अन्य मैचों के रिजल्ट वेंकटेश के दोहरे प्रदर्शन से जीता मप्र
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेंकटेश अय्यर के दोहरे प्रदर्शन के दम पर मध्यप्रदेश ने बिहार पर 62 रन की जीत हासिल की। एलीट ग्रुप बी के इस मैच में टॉस हारकर बैटिंग कर रही मप्र ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 174 रन बनाए।वेंकटेश ने नाबाद 55 और हर्ष ग्वाली ने 50 रन बनाए। 175 रन का टारगेट चेज कर रही बिहार की टीम 19.2 ओवर में 112 रन पर ऑलआउट हो गई। वैभव सूर्यवंशी महज 13 रन ही बना सके। मप्र से शिवांग कुमार ने 3 विकेट झटके। त्रिपुरेश और शिवम को 2-2 विकेट मिले। एक-एक विकेट वेंकटेश और राहुल बाथम को मिला। रेलवे ने केरल को हराया
रेलवे ने केरल को 32 रन से हराया। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन 25 गेंद में सिर्फ 19 रन का योगदान दे सके। टीम रेलवे के सात विकेट पर 149 रन के जवाब में आठ विकेट पर 117 रन ही बना सकी। आंध्र प्रदेश ने ओडिशा को 66 रन हराया
आंध्र ने पृथ्वीराज यारा (चार रन पर तीन विकेट) और सौरभ कुमार (23 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से ओडिशा को 66 रन से हराया। केएस भरत (42), अश्विन हेब्बार (39) और कप्तान रिकी भुई (47) के उपयोगी योगदान से आंध्र ने सात विकेट पर 184 रन बनाने के बाद ओडिशा को 17.2 ओवर में 118 रन पर आउट कर दिया। ——————————————— क्रिकेट की यह खबर भी पढ़िए… अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम घोषित, आयुष म्हात्रे कप्तान बनाए गए अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। शुक्रवार को जारी टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है। जबकि विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला 12 दिसंबर को क्वालिफायर-1 के साथ होगा। जबकि टीम 14 दिसंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को खेला जाएगा। पढ़ें पूरी खबर