बारात में म्यूजिक नहीं बजाने पर DJ वाले की हत्या:हरदोई में जगुआर से आए दूल्हे का जीजा, लखनऊ के इशारा ग्रुप के चेयरमैन

हरदोई में दूल्हे के जीजा ने म्यूजिक नहीं बजाने पर डीजे संचालक को गोली मारकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हे का जीजा और उसका बड़ा भाई रात 12 बजे जगुआर कार से पहुंचे थे। दोनों डांस करने के लिए डीजे फ्लोर पर गए और म्यूजिक बजाने को कहा। सरकारी आदेश का हवाला देते हुए जब डीजे संचालक ने मना किया, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। धमकाते हुए जीजा ने अपने बड़े भाई से कहा— “असलहा निकालो, गोली मारो… वकीलों से निपटा दूंगा।” फिर उसने खुद पिस्टल निकाली और डीजे संचालक पर गोली चला दी। गोली पेट में लगी। फायरिंग होते ही बारात में हड़कंप मच गया। कुछ लोग डीजे संचालक को लेकर अस्पताल के लिए दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात अतरौली थानाक्षेत्र की गुरुवार मध्यरात्रि की है। गोली मारने के बाद जीजा और उसका भाई मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों को अरेस्ट कर लिया। आरोपी जीजा आकाश, लखनऊ के इशारा ग्रुप का चेयरमैन है। कंपनी रियल एस्टेट से जुड़ी है। पुलिस ने दूल्हा समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, वारदात के बाद बारात बिना शादी के ही लौट गई। तस्वीरें देखिए… पूरा मामला पढ़िए…
लखनऊ के काकोरी के विकास की बारात गुरुवार को हरदोई के नेवादा विजय गांव में पहुंची थी। बारात में पूरी धूमधाम से लड़की के दरवाजे पर पहुंची थी। बाराती ढोल-नगाड़े पर जमकर नाचते-गाते पहुंचे। रात करीब 11 बजे डीजे ने सरकारी आदेश का पालन करते हुए म्यूजिक बंद कर दिया। देर रात करीब 11.30 बजे तक द्वारपूजा आदि संपन्न कराया गया। सबकुछ ठीक चल रहा था। मध्यरात्रि करीब 12 बजे दूल्हे का जीजा आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अभिषेक गौतम अपनी जगुआर कार से पहुंचे। दोनों नशे में धुत थे। दोनों डीजे फ्लोर पर पहुंचे। म्यूजिक बजाने की जिद पर अड़ गए। डीजे वाले को बुलाया और कहा- ‘डीजे तुरंत चालू करो।’ डीजे संचालक ने सरकारी आदेश का हवाला देते हुए म्यूजिक चलाने से मना कर दिया। इस पर आकाश और अभिषेक गाली-गलौज करने लगे। आकाश पिस्टल निकालकर धमकाने लगा। मामला बिगड़ता देख डीजे चला रहा लड़का अपने मालिक पुत्तीलाल (45) और उनके बेटे अमित को बुलाकर लाया। पुत्तीलाल ने कहा- अगर म्यूजिक बजी तो पुलिस हम लोगों पर केस कर देगी। इस पर दोनों बिगड़ गए। मैं चेयरमैन हूं, करोड़ों की जगुआर में चलता हूं… पुत्तीलाल के बेटे अमित ने बताया- मंच के पास पहुंचते ही आकाश और अभिषेक गाली देते हुए झगड़ा करने लगे। एक ने दूसरे को उकसाते हुए कहा- पिस्टल निकालो…गोली मारो, सब वकीलों से निपटा दूंगा। आकाश ने बिना सोचे-समझे पिस्टल निकाली और गोली चला दी। गोली पुत्तीलाल के पेट में लगी। वह जमीन पर गिर पड़े। बारात में अफरातफरी मच गई। उधर, गोली मारने के बाद दोनों भाई आकाश और अभिषेक मौके से फरार हो गए। उधर, डीजे मालिक पुत्तीलाल को सीएचसी अतरौली लाया गया। लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उनको लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। बाराती और गांववालों में टकराव की स्थिति इस घटना के बाद गांव वाले आक्रोशित हो गए। बारातियों को गांववालों ने घेर लिया। लड़की के घर शादी की रस्में रोक दी गई। स्थितियां तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने जगुआर (UP32F50090) को कब्जे में ले लिया। दूल्हा सहित 15 लोगों को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। एसपी मीणा ने कहा- दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया पुलिस ने मृतक के बेटे अमित की तहरीर पर आकाश गौतम और अखिलेश गौतम पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया- गुरुवार रात 11 बजे डीजे बंद हुआ था। 12 बजे दोनों आरोपी शराब के नशे में आकर डीजे दोबारा चलाने की जिद कर रहे थे। हत्या के फरार दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। ————————— ये खबर भी पढ़िए… मुलायम परिवार की छोटी बहू का गृह प्रवेश:सैफई में नेताजी की समाधि पर आशीर्वाद, मां ने उतारी आरती, जेठानी ने की पुष्पवर्षा मुलायम सिंह यादव परिवार की सबसे नई नवेली दुल्हन ने इटावा में धूमधाम से गृह प्रवेश किया। गृह प्रवेश से पहले नवदंपति आर्यन यादव और सेरिंग, पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पहुंचे। दोनों ने उनका आशीर्वाद लिया और फिर अन्य रस्में के लिए घर पहुंचे। परिवार ने परंपरागत तरीके से दोनों का स्वागत किया। नई दुल्हन सेरिंग का गृह प्रवेश कराने के लिए आर्यन की मां प्रेमलता यादव पूजा की थाली सजाए खड़ी थीं। उन्होंने अपनी नई बहू सेरिंग की बलाएं उतारीं और घर में प्रवेश कराया। इसके बाद आधी रात तक घर में जश्न हुआ। पूरी खबर पढ़िए…