बागपत में पैसों के लेनदेन पर खूनी संघर्ष:दो पक्षों ने एक-दूसरे पर किया जानलेवा हमला, 7 से ज्याद लोग घायल

बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के मुगलपुरा मोहल्ले में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला किया, जिसमें ईंट-पत्थर और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। संघर्ष के दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। इस घटना में तीन महिलाओं सहित सात से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक पक्ष की ओर से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शहर कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।