लखनऊ में 40 एकड़ में बनेगा मेट्रो फेज-2 का डिपो:बसंतकुंज योजना में LDA ने फाइनल की जमीन; मेट्रो को देगा

लखनऊ मेट्रो फेज 2 का डिपो वसंत कुंज में बनेगा। इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने जमीन चिह्नित कर ली है। प्राधिकरण मेट्रो प्रशासन को 40 एकड़ जमीन देगा। इसको दोनों विभागों में करार भी हो गया है। जल्द जमीन पर कब्जा भी दिया जाएगा। लखनऊ मेट्रो के ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर को बड़ी तेजी मिली है। मेट्रो डिपो बनाने के लिए एलडीए ने बसंतकुंज योजना के सेक्टर-A में करीब 40 एकड़ जमीन चिह्नित कर दी है। अब एलडीए औपचारिकताएं पूरी करते ही पूरी रिपोर्ट यूपीएमआरसी को सौंप देगा। 13 अगस्त 2025 को यूपीएमआरसी ने भेजा था प्रस्ताव एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 13 अगस्त को पत्र भेजकर हरदाई रोड पर डिपो के लिए जमीन मांगी थी। इसके बाद बसंतकुंज योजना में पैमाइश और सर्वे कराया गया। सर्वे में सेक्टर-A के दक्षिणी हिस्से में वह जमीन मिली, जो डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त है। यह भूमि 60 मीटर और 30 मीटर चौड़े मार्ग से घिरी है और इसमें मछली मंडी की जमीन भी शामिल है। 272 प्लॉटधारकों का हित सुरक्षित उपाध्यक्ष ने साफ किया कि सेक्टर-A में लॉटरी से आवंटित 272 प्लॉटों को डिपो वाली जमीन से अलग रखा गया है। यानी आवंटियों की जमीन बिल्कुल सुरक्षित है। एलडीए जल्द ही सभी आवंटियों को उनके भूखंडों का कब्ज़ा देने की तैयारी में है। बसंतकुंज योजना में डिपो बनने से ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर के काम में तेजी आने की उम्मीद है।