अखिलेश बोले-BJP से एक इधर आ जाए, वैकेंसी निकाल देंगे:वहां आपस में मार-पिटाई चल रही; 2027 में इंडी गठबंधन मिलकर लड़ेगा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- सुना है BJP में आपस में जूते चल रहे हैं। अंदर कुछ चल रहा है। मार पिटाई भी चल रही है। एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशें भी हो रही हैं। हम तो कह रहे हैं कि एक यहां आ जाओ। वैकेंसी होगी तो निकाल देंगे। हालांकि, अखिलेश ने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, जानकारों का कहना है कि उनका इशारा केशव मौर्य की तरफ हो सकता है। बिहार चुनाव के दौरान पटना एयरपोर्ट पर जब से अखिलेश और केशव की मुलाकात हुई, तब से ही सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, 2022 के यूपी चुनाव से पहले ऐसी अटकलें ब्रजेश पाठक को लेकर भी लगाई जा रही थीं। वहीं, 2027 में अकेले लड़ेंगे या नहीं? इस सवाल पर अखिलेश ने कहा- INDI गठबंधन साथ मिलकर यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगा। सपा प्रमुख शुक्रवार को कानपुर देहात में मूसानगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में निजी स्कूल में बनाए गए सभागार का शिलान्यास किया। इधर, लखनऊ में केशव मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा…. अखिलेश यादव की पार्टी और उनके परिवार का जो राजनीतिक अस्तित्व है वह कैसा होने वाला है यह बिहार चुनाव के नतीजों से साफ हो चुका है। सपा का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं बचा। जो दुर्दशा कांग्रेस, RJD की हुई, उससे भी बुरा हश्र होने वाला है। खबर में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए… जो खुद माफिया, वो दूसरों को क्या कहेंगे
अखिलेश ने CM योगी के ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ वाले बयान पर पलटवार किया। बोले- यह बात वह कह रहे हैं जो खुद माफिया हैं। भाजपा एनकाउंटर माफिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने झांसी की उस घटना का जिक्र किया, जहां एक नौजवान की हत्या कर दी गई, पत्नी ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या की बात कही और आखिरकार उसे आत्महत्या करनी पड़ी। कफ सिरप से लेकर स्क्रैप माफिया तक
अखिलेश ने कहा- भाजपा सरकार में नए ‘माफिया मॉडल’ खड़े हो गए हैं। कफ सिरप माफिया, पेपर आउट माफिया, स्क्रैप माफिया। युवा, किसान और व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने विकास दुबे एनकाउंटर को लेकर भी सरकार को घेरा। पूछा- गाड़ी पलटी थी या सरकार बचाई गई थी? टेक्नोलॉजी बताएगी कि गाड़ी किसने पलटाई। अखिलेश के काफिले के पहुंचते ही समर्थक कूदे
इससे पहले कानपुर देहात जाते समय कानपुर शहर के जाजमऊ में अखिलेश के काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ता उनके आसपास कूद पड़े। हालांकि, कार के अंदर से अखिलेश ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हालात काबू में आने के बाद अखिलेश अपनी कार से बाहर आए और करीब 2 मिनट तक कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीड़ की वजह से किसी को चोट न पहुंचे, इसलिए अनुशासन जरूरी है। ———————–
ये खबर भी पढ़ें… अखिलेश लेखपाल के घरवालों से मिले, 2 लाख दिए:बोले- फतेहपुर SDM ने सुधीर को अपमानित किया, नौकरी से निकाले जाएं सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार शाम फतेहपुर पहुंचे। यहां शादी से एक दिन पहले सुसाइड करने वाले लेखपाल सुधीर कुमार के घरवालों से मिले। गाड़ी से उतरकर अखिलेश सीधे सुधीर के घर के अंदर चले गए। उनके साथ फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम भी मौजूद रहे। पढ़िए पूरी खबर