माओवादियों के चंगुल से 20 साल बाद घर लौटा युवक:पुलिस ने की गायब होने के कारणों पर पूछताछ की

संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित निहालुपुर पुरवा निवासी जुबेर अहमद बीस साल बाद अपने घर लौटे हैं। बृहस्पतिवार को उनकी वापसी से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन क्षेत्र में उनकी लंबी अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शनिवार को पुलिस ने जुबेर से पूछताछ की और बाद में उन्हें घर भेज दिया। जुबेर अहमद करीब बीस साल पहले काम की तलाश में घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, वह राजस्थान प्रांत से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे और तब से उनका कोई पता नहीं चल सका था। शुक्रवार को जब जुबेर बीस साल बाद वापस लौटे, तो हर कोई हैरान था। उनकी इतनी लंबी अनुपस्थिति को लेकर क्षेत्र में कई तरह की अफवाहें और चर्चाएं तेज हो गईं। इन चर्चाओं के मद्देनजर, शनिवार को पुलिस ने जुबेर को थाने बुलाया। पुलिस ने उनके गायब रहने के दौरान की हर गतिविधि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें घर वापस भेज दिया गया। महुली थानाध्यक्ष रजनीश राय ने इस संबंध में बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जुबेर को बुलाकर पूछताछ की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक होने पर जुबेर को भविष्य में फिर से जानकारी के लिए बुलाया जा सकता है।