श्रीलंका में आए भयंकर साइक्लाेन दितवाह के कारण भारी तबाही, बाढ़, भूस्खलन, आपदा के बाद भारत ने तुरंत ऑपरेशन सागर बंधु के तहत राहत मिशन शुरू किया। भारत सरकार के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक 80 सदस्यीय अत्याधुनिक टीम टीम आज गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से कोलंबो के लिए रवाना हुई। टीम में डॉग्स भी शामिल टीम को ऑपरेशन की आवश्यकता के अनुरूप दो समान हिस्सों में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रत्येक में 40 प्रशिक्षित रेस्क्यू कर्मी तथा 2 -2 डॉग स्क्वॉड तैनात हैं। यह दल सभी आवश्यक तकनीकी उपकरणों, कटिंग-लिफ्टिंग टूल्स, कम्युनिकेशन सिस्टम, मेडिकल सपोर्ट व सुरक्षा गियर से पूर्णत: सुसज्जित है। इस अभियान का नेतृत्व 8 वीं बटालियन एनडीआरएफ गाजियाबाद के कमांडेंट प्रवीन कुमार तिवारी कर रहे हैं। व आपदा संचालन में व्यापक अनुभव रखते हैं। श्रीलंका पहुंचते ही टीम ने स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय स्थापित करते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया। NDRF रेस्क्यू टीमों ने अब तक 30 से अधिक प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकाल लिया है, तथा खोज, बचाव एवं मानवीय सहायता गतिविधियां निरंतर जारी हैं। भारत द्वारा श्रीलंका को प्रदान की जा रही यह त्वरित सहायता दोनों देशों के बीच मानवीय सहयोग, आपसी विश्वास एवं क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाती है।