लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाने में एक कारोबारी ने 98 लाख रूपए की ठगी का मुकदमा दर्ज करवाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि दोनों ने ड्रिल मशीन बेचने के नाम पर बड़ी रकम हड़प ली। एमआई रसल कोर्ट, गोमतीनगर विस्तार निवासी कारोबारी मोहम्मद सलीम मंसूरी एएस ट्रेडर्स के मालिक हैं। सलीम के मुताबिक, दिसंबर 2023 में सोशल मीडिया पर उनकी पहचान चेन्नई के मीननगर एथिपेट निवासी मोहम्मद गुलाब से हुई। गुलाब ने उन्हें बताया कि उसका परिचित केरला निवासी सुजाबू पैन एशियन बिल्डर्स का मालिक है और अपनी HDD ड्रिल मशीन अपोलो ए बेचना चाहता है। सलीम ने मशीन खरीदने में रुचि जताई और 8 दिसंबर 2023 को डील 1.12 करोड़ रुपए में तय हो गई। अनुबंध के अनुसार उन्होंने सुजाबू को 98 लाख रुपए एडवांस दे दिए। आरोप है कि बाद में कारोबारी को पता चला कि सुजाबू मशीन पहले ही टाटा कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में गिरवी रखकर 62 लाख का लोन ले चुका है। जिसकी किस्तें भी वह कई महीनों से नहीं भर रहा था। जब सलीम ने रकम वापस करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करते रहे। कारोबारी का कहना है कि वह 2024–25 तक बहाने बनाता रहा। परेशान होकर सलीम ने गोमतीनगर विस्तार पुलिस से शिकायत करी पर कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद कोर्ट का रुख किया। जहां कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि केस की जांच जारी है।