झांसी में पिता की मौत के बाद सदमे में कारोबारी बेटे ने दम तोड़ दिया। 2 दिन पहले पिता की मौत हुई थी, तब से वह खाना नहीं खा रहा था। शनिवार को वह पत्नी और बच्चों के साथ ट्रेन से बिहार के गोपालगंज जा रहा था। पत्नी के मुताबिक, झांसी स्टेशन के पास उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। अचानक उनकी आवाज बदल गई और फिर बोलना बंद कर दिया। यात्रियों ने ही रेलवे कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी। इसके बाद झांसी स्टेशन पर डॉक्टर पहुंचे। उन्होंने पति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पत्नी शव लेकर उतर गई। परिजन बिहार से झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। आज शाम तक पहुंच जाएंगे। इसके बाद शव को बिहार ले जाया जाएगा। पूरा मामला जानिए रामेश्वर सिंह उर्फ रामविश्वास (42) बिहार के गोपालगंज के महुआ पाटन गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी रीना देवी ने बताया- मेरी 3 बेटियां आस्था (14), अर्पिता (12), अरोही (11) और एक बेटा यश (9) है। मैं पति और बच्चों के साथ मुंबई में रहती थी। वहां पति सब्जी का कारोबार करते थे। गुरुवार को मेरे ससुर बंता राय (80) की मौत हो गई थी। घर से फोन आया तो पति रोने लगे। वे ससुर की मौत से बहुत दुखी थे। खाना नहीं खा रहे थे। पति की तबीयत बिगड़ी तो पत्नी रोने लगी रीना ने बताया- मैं पति के साथ लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से घर जा रही थी। साथ में बेटी अरोही और बेटा यश थे। हमारा एस-3 में रिजर्वेशन था। गोरखपुर से हमें ट्रेन बदलनी थी। शनिवार देर रात ट्रेन झांसी पहुंचने वाली थी। उससे पहले पति को बेचैनी होने लगी। वो कांपने लगे और पसीना आने लगा। थोड़ी देर बाद उनकी हालत ठीक हो गई। मगर रात करीब 11 बजे दोबारा दिक्कत होने लगी। उन्होंने बोलना बंद कर दिया। मैं उनकी हालत देखकर घबरा गई और रोने लगी। तब यात्रियों ने उन्हें सांत्वना दी। यात्रियों ने कंट्रोल रूम में फोन किया, तब डॉक्टर पहुंचे यात्रियों ने ही रेलवे कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी। इससे डॉक्टरों की टीम प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई। जब ट्रेन आई तो डॉक्टर ने चेकअप के बाद रामेश्वर को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। झांसी या इसके आसपास उसका कोई रिश्तेदार नहीं रहता। ऐसे में वह कभी बच्चों को संभालती तो कभी फोन पर घटना की जानकारी देते हुए रोने लगती है। परिवार के लोग आज शाम को झांसी पहुंचेंगे। तीन भाइयों में रामेश्वर दूसरे नंबर पर थे। दो भाई गांव में रहते हैं। ………………………. यह खबर भी पढ़ें… MBBS छात्र का सुसाइड, इंस्पेक्टर पिता बोले- बेटा बुजदिल निकला: मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में लटका मिला, छोटा भाई क्रिकेटर मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में MBBS फर्स्ट ईयर के छात्र ने सुसाइड कर लिया। उसका शव हॉस्टल के रूम में फंदे पर लटका मिला। शनिवार दोपहर साथी छात्र क्लास करके लौटे तो उन्होंने कमरे का दरवाजा काफी देर तक खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पूरी खबर पढ़िए