पूर्व कोयला मंत्री और कांग्रेस से कानपुर के सांसद रहे श्रीप्रकाश जायसवाल का आज रविवार को अंतिम संस्कार हुआ। सुबह कनाडा में रह रहे बेटे के पहुंचने के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा लाल बंगला पोखरपुर से शुरू हुई। इसमें 5 हजार से ज्यादा समर्थक शामिल हुए। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य भी भैरवघाट पहुंचे। परिवार वालों से मिलकर सांत्वना दी। केशव ने कहा- श्रीप्रकाश जी का जाना अत्यंत दुखद है। सुबह सबसे पहले अंतिम यात्रा कैनाल रोड पर उनके पैतृक आवास पर पहुंची। समर्थक ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, श्रीप्रकाश तुम्हारा नाम रहेगा’, ‘श्रीप्रकाश अमर रहे’ जैसे नारे लगाए। इसके बाद यात्रा कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन पहुंची। यहां कांग्रेसियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां से अंतिम यात्रा भैरवघाट पहुंची। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। दोनों बेटों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले, भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अंटू मिश्रा समेत तमाम लोगों ने श्रीप्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि शुक्रवार यानी 28 नंवबर की शाम श्रीप्रकाश जायसवाल का कार्डिक अरेस्ट से निधन हो गया था। वे 81 साल के थे। जायसवाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पहले आज की 3 तस्वीरें देखिए… अब कल की 2 तस्वीरें देखिए… श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…