अयोध्या में राज्यसभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को गांधी पार्क, सिविल लाइंस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उन BLO कर्मचारियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई, जिनकी चुनावी कार्यों के भारी दबाव और प्रतिकूल परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने शामिल होकर संवेदना व्यक्त की। सभा में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती उन्हीं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा से निभाते हैं। ऐसे कर्मियों की असमय मृत्यु को अत्यंत दुखद और चिंता का विषय बताया गया। पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं: अनिल कुमार प्रजापति जिलाध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति (एडवोकेट) ने कहा कि मानवता के नाते हम इन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। चुनावी कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस आवाज को हम सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना का प्रश्न है। इसलिए सरकार को तुरंत प्रभावित परिवारों की आर्थिक मदद और सुरक्षा व्यवस्था पर ठोस कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रम में जिला महासचिव सुनील मौर्य, जिला उपाध्यक्ष संदीप पटेल, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विद्या वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य स्वर्णिम वर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।