सीएम योगी के आवास पर सोमवार की शाम सरकार, संगठन और संघ के बीच तीन घंटे बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पर चर्चा हुई। कहा गया कि सीमावर्ती जिलों में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं। एसआईआर के जरिए इन लोगों को चिह्नित कर मताधिकार से वंचित करना और डिटेंशन सेंटर में रखना चाहिए। इस दौरान SIR में भाजपा विधायकों और सांसदों की निष्क्रियता पर चिंता जताई गई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में यूपी में बीएलओ की आत्महत्या और हार्टअटैक से मौत पर भी चर्चा हुई है। बैठक में बताया गया कि चुनाव आयोग ने गणना पत्र जमा करने की अवधि को सात दिन बढ़ा दिया है, इससे बीएलओ पर काम का दबाव कुछ कम हुआ है। संघ ने जिलों में प्रभारी मंत्रियों के प्रवास पर भी आपत्ति जताई गई। कहा गया कि भाजपा, संघ और वैचारिक संगठनों से के बीच संवाद नहीं होता है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार शामिल हुए। इनके अलावा यूपी पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, बीजेपी के प्रदेश भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। संघ और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का एक साथ लखनऊ आना काफी अहम है। 2027 के पहले उत्तर प्रदेश में हर स्तर पर एकजुटता और मजबूत तैयारी का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। अब बैठक की महत्वपूर्ण बातें जानिए… विधायक सांसद नहीं ले रहे दिलचस्पी
बैठक में बताया गया कि एसआईआर में भाजपा के विधायक और सांसद दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। जबकि पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को सभी सांसदों और विधायकों को एसआईआर में सक्रिय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा जल्द
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बैठक में कहा कि जल्द ही यूपी भाजपा का नया अध्यक्ष तय कर घोषित किया जाएगा। राम मंदिर के मुद्दे को धार देगा संघ
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का शास्त्रीय पद्धति से निर्माण पूर्ण हो गया है। पीएम मोदी और आरएसएस के सर संघचालक मोहनराव भागवत ने 25 नवंबर को मंदिर पर धर्म ध्वज भी फहरा दिया है। योगी सरकार की ओर से प्रदेश भर में “आस्था का धवज लहराया, सुख-समृद्धि का नया युग आया” होर्डिंग्स भी लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का वादा पूरा करने को भी संघ, सरकार और भाजपा बड़ी उपलब्धि के रूप में जनता के बीच रखेंगे। जनता को बताएंगे कि राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस सहित विपक्षी दल भगवान राम को काल्पनिक बता रहे थे वहीं पीएम मोदी की अगुआई में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ है। प्रभारी मंत्री नहीं करते संवाद
बैठक में सामने आया कि जिलों में प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री भाजपा, आरएसएस और वैचारिक संगठनों से संवाद नहीं करते हैं। वैचारिक संगठनों की समस्याएं और शिकायतें बनी रहती है। संघ की ओर से सीएम योगी को कहा गया कि वह प्रभारी मंत्रियों को ताकीद करें कि वह प्रवास के दौरान वैचारिक संगठनों से भी संवाद करें। न्याय पंचायत पर होंगे हिन्दू सम्मेलन
आरएसएस की ओर से शताब्दी वर्ष में यूपी की प्रत्येक न्याय पंचायत में हिन्दू सम्मेलन किए जा रहे हैं। बैठक में हिन्दू सम्मेलनों को सफल बनाने के लिए इसमें भाजपा और अनुषांगिक संगठनों की सहभागिता पर भी जोर दिया गया। धर्मपाल को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
बैठक में बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने धर्मपाल सिंह की प्रशंसा भी की। भारती भवन में हुई बैठक
सीएम आवास पर आयोजित बैठक से पहले राजधानी स्थित आरएसएस दफ्तर भारती भवन भी बैठक हुई। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, आरएसएस के सह सर कार्यवाह अरुण कुमार, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, पश्चिम के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र और पूर्वी यूपी के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार के बीच अलग-अलग बैठकें हुई। निगम और बोर्ड की नियुक्तियां जल्द
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने यूपी में अल्पसंख्यक आयोग सहित अन्य निगम, आयोग, बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियां जल्द करने और मनोनीत पार्षद भी नियुक्त करने को कहा। सुबह ही लखनऊ आ गए थे अरुण कुमार और बीएल संतोष
अरुण कुमार और बीएल संतोष सोमवार सुबह लखनऊ आ गए थे। दोनों वरिष्ठ नेताओं का यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अरुण कुमार ने सुबह ही संघ के पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी के क्षेत्र प्रचारकों के साथ बंद कमरे में बैठक की है। इस बैठक में दोनों क्षेत्रों में संघ के कामों की वर्तमान स्थिति, स्वयंसेवकों की सक्रियता, शाखाओं के विस्तार और सामाजिक समरसता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव के बाद बदले सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में संघ की आगे की रणनीति पर भी मंथन किया गया। योगी ने बैठक से पहले कई नेताओं से मुलाकात की सीएम योगी ने बैठक से पहले आज लखनऊ में अपने आवास पर कई नेताओं से मुलाकात की। इनमें भाजपा विधायक, एमएलसी, राज्य मंत्री, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात की। महराजगंज के पनियरा विधान सभा क्षेत्र के विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, एमएलसी रविशंकर सिंह ‘पप्पू’, भाजपा नेता विवेक सिंह, उत्कर्ष सिंह, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, राज्यमंत्री केपी मलिक, पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत, श्रावस्ती के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देव प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य अभिमन्यु सिंह जी, रामराज राव से सीएम योगी ने अपने आवास पर मुलाकात की है। ———————–