प्रयागराज मंडल में 358 बिना टिकट यात्री पकड़े:चेकिंग अभियान में 9 अवैध वेंडर भी पकड़े, 2.28 लाख रुपये जुर्माना

प्रयागराज मंडल में दो दिवसीय सघन टिकट चेकिंग और अवैध वेंडर विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान 358 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे कुल 2,28,677 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान में 9 अवैध वेंडर भी कार्रवाई की जद में आए। यह संयुक्त कार्रवाई प्रयागराज-मिर्जापुर और प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर खंडों में की गई। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर मुख्य टिकट निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने यह अभियान चलाया। टीम ने गाड़ी संख्या 12802 आनंद विहार–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 22178 वाराणसी–सीएसएमटी महानगरी सुपरफास्ट, 15657 दिल्ली जंक्शन–कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल, 14116 प्रयागराज जंक्शन–डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस, और 07419 चर्लापल्ली–बक्सर स्पेशल सहित कई ट्रेनों में क्रॉस-कंट्री चेकिंग की। अभियान के दौरान पकड़े गए 9 अनाधिकृत वेंडरों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सुपुर्द कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया। टिकट चेकिंग में 127 बिना टिकट यात्रियों से 1,14,997 रुपये, 228 अनियमित यात्रियों से 1,13,280 रुपये और गंदगी फैलाने वाले 3 यात्रियों से 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।