ललितपुर कोतवाली सदर में एक महिला चिकित्सक ने अपने लिव-इन पार्टनर डॉक्टर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका साथी डॉक्टर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है और उसके रिश्तेदारों व सहकर्मियों को अश्लील मैसेज भेज रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला चिकित्सक ने बताया कि वह मेडिकल कॉलेज में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत है। वह 8 फरवरी 2020 से एक अन्य डॉक्टर के साथ पति-पत्नी की तरह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस दौरान उनकी दो बेटियां हुईं, जिनका जन्म 7 अप्रैल 2021 और 4 जुलाई 2022 को महाराष्ट्र के अकोला स्थित मालोकार अस्पताल में हुआ था। महिला चिकित्सक के अनुसार, उसके साथ रहने वाला यह डॉक्टर हड्डी रोग विशेषज्ञ है और अपना निजी क्लिनिक चलाता है। उसने आरोप लगाया कि वह जुआ, शराब, धूम्रपान और अन्य नशों के साथ-साथ वेश्यावृत्ति का भी आदी है। पीड़िता ने बताया कि साथी डॉक्टर की धमकियों के कारण वह 9 सितंबर को अपना घर छोड़कर किराए के मकान में रहने चली गई थी। उसने डॉक्टर के खिलाफ न्यायालय में भी वाद दायर किया है। इसके बाद से डॉक्टर उसके रिश्तेदारों, सहकर्मियों और स्कूल के कर्मचारियों को अश्लील मैसेज भेज रहा है। 23 नवंबर को रात 10:38 बजे उसके मोबाइल पर और 24 नवंबर की रात को उसके भाई के मोबाइल पर भी अश्लील मैसेज भेजे गए। महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी डॉक्टर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है।