यूपी के हाथरस में SIR ड्यूटी में लगे एक और टीचर BLO की मौत हो गई। मंगलवार सुबह BLO कमलकांत शर्मा को हार्टअटैक आ गया। वो अपने घर पर ही चक्कर खाकर गिर पड़े। परिवारवाले उन्हें अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही डीएम अतुल वत्स परिवार से मिलने पहुंचे। घर में फर्श पर बैठकर परिवार को ढांढस बंधाया। कमलकांत की पत्नी नीलम शर्मा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के बहुत फोन आते थे। काम का बहुत दबाव था। वो बहुत टेंशन में थे। हम समझाते थे कि इतना परेशान न हो। ज्यादा हो तो नौकरी छोड़ दो। यूपी में अब तक कुल 9 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मौत हो चुकी है। 3 ने सुसाइड किया, 4 की हार्टअटैक और 1 की ब्रेन हेमरेज से मौत हुई। वहीं, संभल में SIR ड्यूटी में लगे सहायक बीएलओ अरविंद कुमार (40) की सोते-सोते मौत हो गई थी। इस बीच गोंडा की एक महिला BLO आरती देवी और नीलम मिश्रा को समय से पहले SIR पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया। दोनों ने 2 महीने के बच्चे को गोद में लेकर अपने बूथ पर काम पूरा किया। बूढ़ादेवर गांव के प्राथमिक स्कूल बूथ पर तैनात शिक्षामित्र आरती ने बताया- 12-13 दिन में काम पूरा किया। बूथ में 781 वोट दर्ज थे। 2 दिन घर-घर जाकर फॉर्म बांटे। इसके बाद कैंप लगाकर फॉर्म भरवाए। यूपी में SIR से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…