पॉक्सो का वांछित आरोपी शानू मुठभेड़ में गिरफ्तार:बदमाश के पैर में गोली लगी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

फिरोजाबाद में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी शानू को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को नगला पान सहाय क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी नगला पान सहाय के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा एएसपी नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित दो विशेष टीमों द्वारा की गई। आरोपी शानू पुत्र रहीश, निवासी हबीबगंज, थाना रामगढ़, जनपद फिरोजाबाद, 28 नवंबर 2025 को थाना उत्तर में दर्ज मुकदमा संख्या 667/2025 में वांछित था। यह मामला धारा 65(1) बीएनएस एवं 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ थाना उत्तर में मुकदमा दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार, उपनिरीक्षक अनुज कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक बृजेश दीक्षित, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल सचिन खोखर, हेड कांस्टेबल रामदयाल और कांस्टेबल अवधेश कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और इस मुठभेड़ व गिरफ्तारी को एक सराहनीय उपलब्धि बताया गया है।