कानपुर में मुस्लिम महिला BLO से बदतमीजी, FIR:टीचर ने गांव-गांव घूमकर बजाई डुगडुगी- SIR करवा लो, वरना नाम कट जाएगा

यूपी में SIR को लेकर हलचल तेज है। कानपुर के आर्यनगर में एक महिला BLO शाहिदा परवीन से बदतमीजी की गई। आरोप है कि मोहम्मद नईम नाम का शख्स उन्हें परेशान कर रहा था। वह लोगों को बरगला रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज की। महिला की शिकायत पर बेकनगंज थाने में FIR दर्ज कर ली गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं, देवरिया के सलेमपुर में टीचर BLO मो.आफताब का गांव-गांव डुगडुगी बजाकर कह रहे हैं- ‘एसआईआर फॉर्म जमा कर दें, नहीं तो नाम कट जाएगा।’ आफताब रोपन छपरा गांव के कंपोजिट विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। मेरठ में मंगलवार देर रात BLO मोहित चौधरी ने जहर खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। वे ICU में हैं। मुंडाली के मुरलीपुरा गांव के रहने वाले मोहित सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। मोहित की पत्नी ने बताया- सुपरवाइजर बार-बार मोहित को फोन कर परेशान कर रहे थे। सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे थे। रामगोपाल बोले- दिल्ली में बैठे सत्ता के लोगों की नीयत ठीक नहीं
इटावा में सपा के प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा- 1952 से अब तक हर चुनाव से पहले वोटर लिस्ट का रिवीजन होता रहा है। लेकिन कभी SIR नहीं हुआ। अचानक इसकी जरूरत क्यों पड़ी? इससे लगता है कि दिल्ली में बैठे सत्ता के लोगों की नीयत ठीक नहीं है। सत्ता पक्ष SIR को घुसपैठ का मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह कर रहा है। पीएमओ का नाम बदलने पर उन्होंने कहा-जो लोग काम नहीं करते, वे सिर्फ नाम बदलने में लगे रहते हैं। जब तक SIR पर संसद में चर्चा नहीं होगी। तब तक किसी तरह का सुधार संभव नहीं है। यूपी में SIR से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…