लड़की के लिए UP से भागकर आई नाबालिग लड़की:परिजन ने अलग किया तो दोनों ने टॉयलेट क्लीनर पिया, एक की मौत

नर्मदापुरम में बुधवार को दो सहेलियों ने आत्महत्या के प्रयास में टॉयलेट क्लीनर पी लिया। इनमें 21 वर्षीय युवती की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोरी का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी और इसी दोस्ती की वजह से नाबालिग कानपुर से नर्मदापुरम पहुंची थी। फेसबुक फ्रेंडशिप से मिलने नर्मदापुरम पहुंची नाबालिग
मृत युवती नर्मदापुरम के पथरौटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी, जबकि किशोरी कानपुर के बर्रा की निवासी है। सोशल मीडिया पर दोस्ती बढ़ी और नाबालिग तीन दिन पहले नर्मदापुरम पहुंच गई। शुरू में वह युवती के घर पर रही, लेकिन परिजनों की आपत्ति के बाद उसे सहेली के घर भेज दिया गया। 15 मिनट तक खुद को बाथरूम में बंद कर लिया
बताया गया कि मंगलवार को युवती के जीजा दोनों को घर ले आए। शाम को युवती बाथरूम में गई और करीब 15 मिनट तक दरवाजा बंद रखकर टॉयलेट क्लीनर पी लिया। परिजन दरवाजा तोड़कर उसे बाहर ले आए। इसके तुरंत बाद किशोरी ने भी बाथरूम में जाकर वही कदम उठा लिया। एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर
दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन युवती ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। किशोरी की स्थिति गंभीर रहने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराया। मृतका आदिवासी समुदाय से थी और नर्मदापुरम में अपने मामा के घर रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। कानपुर में गुमशुदगी और अपहरण का केस
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के लापता होने पर बर्रा थाने में गुमशुदगी और अपहरण का केस दर्ज है। मामले में एसआई दिलीप कुमार कानपुर से टीम लेकर नर्मदापुरम पहुंचे हैं। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जांच कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया एंगल की जांच में जुटी
देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि किशोरी का बयान नहीं हो पा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई दबाव, विवाद या सोशल मीडिया पर हुआ कोई घटना कारण तो नहीं।