देवरिया में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर:हाथ, पेट और चेहरे पर घाव, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

देवरिया के साकेत नगर में बुधवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़री मल्ल निवासी आयुष गोंड़ (पुत्र राजू गोंड़) को मनबढ़ युवकों के एक गिरोह ने घेरकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आयुष किसी काम से साकेत नगर पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 4-5 युवकों ने उसे रोका और विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने आयुष पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने आयुष के हाथ, पेट और चेहरे पर कई बार चाकू से प्रहार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज देवरिया के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। मेडिकल कॉलेज में आयुष की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर पर कई गहरे घाव हैं और उसे गहन निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने इस हमले को पुरानी रंजिश का परिणाम बताया है। नामजद और अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना गंभीर धाराओं में दर्ज की गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।