संभल में मजदूर ने दो साल का बेटा बेचा:ठेकेदार से 1.90 लाख में हुआ सौदा, पुलिस ने बच्चे को बरामद किया

संभल में एक मजदूर ने अपने दो वर्षीय बेटे को 1.90 लाख रुपए में एक मुस्लिम ठेकेदार को बेच दिया। यह घटना तीन दिन पहले की है। हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद पुलिस ने बच्चे को बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला संभल जनपद के कोतवाली बहजोई कस्बा क्षेत्र का है। कस्बे के एक मजदूर ने अपने बेटे को चंदौसी के एक मुस्लिम सड़क ठेकेदार को बेचा था। ठेकेदार बच्चे को अपने घर ले गया था। बच्चे को बेचे जाने की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन और भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचित किया और आरोप लगाया कि यह धर्म परिवर्तन का मामला हो सकता है, क्योंकि हिंदू बच्चा मुस्लिम परिवार के पास चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चे के पिता को थाने बुलाया। पिता ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ महीने पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी और उसने दूसरी शादी कर ली है। उसके तीन बच्चे हैं और वह मेहनत-मजदूरी करके उनका पालन-पोषण करने में असमर्थ है, इसलिए उसने अपने सबसे छोटे बेटे को बेच दिया। उसने किसी मध्यस्थ की संलिप्तता से इनकार किया। हालांकि, पुलिस को पिता के बयान पर संदेह है क्योंकि सौदे में रकम के लेन-देन की पुष्टि हुई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने बच्चे और उसके पिता को थाने बुलाया है और सौदे में मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस इसे मानव तस्करी और धर्म परिवर्तन से जुड़ा मामला मान रही है। कोतवाल संत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बच्चे को वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि हर पहलू पर जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।