चित्रकूट में गुरुवार देर शाम बाइक और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर में ट्रक का डीजल टैंक धमाके के साथ फट गया और उसमें आग लग गई। बाइक सवार दो युवक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। हादसे में दोनों युवक ट्रक के नीचे फंस गए थे। उन्हें निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने 1 घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। घटना बगरेही के पास कर्वी-प्रयागराज रोड की है। ट्रक के डीजल टैंक से टकराई बाइक घटना की सूचना मिलते ही रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया- मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। देर रात हाईवे पर ट्रैफिक छोड़ा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई। जिससे घर्षण की वजह से आग लग गई। ट्रक में भारी मात्रा में डीजल भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कर्वी-प्रयागराज रोड पर प्रयागराज की ओर से आ रहे एक ट्रक से बाइक सवार की टक्कर हो गई। जिससे बाइक ट्रक में फंस गई। घर्षण के कारण ट्रक में आग लग गई। जिससे बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर और उसका कडंक्टर मौके से फरार हो गए। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। 1 घंटे के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। खबर अपडेट हो रही है…