प्रयागराज में वकील पर फायरिंग, तीन गोली मारी:प्राॅपर्टी विवाद में रिश्तेदार ने हमला किया, एक गोली कांधे को छूकर निकली, दूसरी जांघ में लगी

प्रयागराज में वकील को उनके ही भतीजे ने प्रॉपर्टी विवाद में 2 गोलियां मारीं। एक कंधे को छूती हुई निकल गई, दूसरी जांघ में लगी। बीच चौराहे पर फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आनन-फानन में वकील को स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात तेलियरगंज के बाबा चौराहे पर गुरुवार देर शाम हुई। विजय कांत पांडेय जिला कोर्ट में वकील हैं। अब पूरा मामला जानिए… मूलरूप से होलागढ़ के रहने वाले विजयकांत पांडेय जिला न्यायालय में अधिवक्ता हैं। वे तेलियरगंज के जोंधवल मुहल्ले में रहते हैं। गुरुवार देर शाम वह बाबा चौराहे के पास से गुजर रहे थे, उसी समय उन पर फायरिंग कर दी गई। बीच सड़क गोली चलने से हर कोई दहशत में आ गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने से घायल होकर विजयकांत वहीं सड़क पर गिर गए। यह देखकर हमलावर भाग निकले। अधिवक्ता को गोली मारने की सूचना पाकर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गई। घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर शिवकुटी रुकुमपाल सिंह ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डीसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि गुरुवार की शाम अधिवक्ता विजयकांत पांडेय पर तीन फायरिंग की गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत खतरे से बाहर है। आरोपी और पीड़ित दोनों ही पेशे से अधिवक्ता हैं। आपस में चाचा-भतीजा हैं। दोनों के बीच पारिवारिक प्रॉपर्टी का विवाद है। आरोपी ओमशिव पांडेय को हिरासत में ले लिया गया है। उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर लिया गया है।