बुलंदशहर में ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां 112 में तैनात एक सिपाही से ऑनलाइन गोल्ड इन्वेस्टमेंट के नाम पर 10 लाख 99 हजार रुपए ठग लिए गए। पीड़ित सिपाही ने इस संबंध में बुलंदशहर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पुलिसकर्मी नरोरा यूनिट पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि जून महीने में उनकी फेसबुक आईडी ‘चौधरी सन्नी पावर’ पर अंशु जाखड़ नाम की एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। करीब 10-15 दिन की सामान्य बातचीत के बाद युवती ने उन्हें ऑनलाइन गोल्ड में निवेश करने के लिए प्रेरित करना शुरू किया। शुरुआत में सिपाही ने निवेश करने से मना किया, लेकिन युवती के लगातार दबाव और बड़े मुनाफे के लालच में वह झांसे में आ गए। युवती ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और दावा किया कि इस लिंक के माध्यम से गोल्ड खरीदकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके बाद सिपाही ने अलग-अलग बैंकों और यूपीआई के जरिए कुल 10.99 लाख रुपए का निवेश किया। लिंक पर उन्हें 38.70 लाख रुपए का एक फर्जी मुनाफा बैलेंस दिखाया गया। इसे निकालने के लिए युवती ने 7.70 लाख रुपए की ‘फीस’ जमा कराने की मांग की। 22-23 अगस्त को जब पीड़ित ने गोल्ड इन्वेस्टमेंट लिंक खोलने का प्रयास किया तो वह बंद मिला। युवती ने इसे ‘तकनीकी समस्या’ बताया और दो दिन में ठीक होने की बात कही। हालांकि, इसके बाद न तो लिंक खुला और न ही युवती की फेसबुक आईडी मिली, उसे भी बंद कर दिया गया था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित सिपाही ने पुलिस को शिकायत दी। शुक्रवार को पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि युवती अभी भी वॉट्सऐप नंबर से उन पर पैसे जमा करने का दबाव बना रही है।