कन्नौज में नशे में धुत युवक की स्कूटी सीज:ट्रैफिक पुलिस ने रोका, मां ने किया हंगामा; युवतियों को छेड़ने का आरोप

कन्नौज में ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार शाम नशे में धुत एक स्कूटी सवार युवक को रोका। युवक की मां ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक कर्मियों के सामने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी सीज कर दी। घटना सदर कोतवाली की सरायमीरा चौकी क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड के बाहर की है। टीआई रवि शंकर त्रिपाठी की मौजूदगी में टीएसआई आफाक खां वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक स्कूटी पर तीन युवक सवार दिखाई दिए। जो तेज रफ्तार में स्कूटी लहराते हुए चला रहे थे। टीएसआई आफाक खां ने युवकों को रोका तो वे बहस करने लगे। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर स्कूटी चला रहे युवक में अल्कोहल की मात्रा पाई गई। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई के लिए स्कूटी को खड़ा करवा लिया। कुछ ही देर में स्कूटी सवार युवक की मां मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगी। उन्होंने ट्रैफिक कर्मियों से बहस करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ट्रैफिक कर्मियों ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करती रहीं। स्थिति बिगड़ती देख टीएसआई ने स्कूटी को सीज कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। टीएसआई आफाक खां ने बताया कि स्कूटी सवार युवक नशे में धुत होकर बस स्टैंड के आसपास लड़कियों पर कमेंट कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने बहस की, और वे नशे में पाए गए।