पर्यटन मंत्री ने संभल को दी 11.27 करोड़ की सौगात:जयवीर सिंह बोले- अखिलेश ने सनातन का अपमान किया, वन डिस्टिक वन माफिया दिया

संभल में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड असमोली में 11.27 करोड़ रुपए की विभिन्न पर्यटन एवं संस्कृति परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर इन कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विकास कार्यों और विजन डॉक्यूमेंट से संबंधित एक प्रदर्शनी का भी लोकार्पण कर अवलोकन किया गया। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद में वर्ष 2023-24 के तहत 337.85 लाख रुपए की तीन परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिनका लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025-26 के लिए 605.20 लाख रुपए की तीन नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। दो महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थलों के लिए 183.99 लाख रुपए की योजनाएं भी स्वीकृति हेतु भेजी जा चुकी हैं। मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि संभल अब विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित होने की बात कही। मंत्री ने प्रदेश को ‘ग्रोथ इंजन’ बताते हुए उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। जयवीर सिंह ने पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार (2012-17) पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान तुष्टिकरण और सनातन का अपमान किया गया, जिसे लोग भूले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार में हर जनपद में एक माफिया सक्रिय था, जबकि वर्तमान मोदी-योगी सरकार ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना पर काम कर रही है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से जनपद में 100 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं शासन में स्वीकृति के लिए लंबित हैं। उन्होंने संभल को भविष्य के कल्कि अवतार की भूमि बताया, जिसका उल्लेख पुराणों और ब्रिटिश कालीन गजेटियर में भी मिलता है। डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने यह भी जानकारी दी कि संभल में कुल 87 देव तीर्थों में से 85 को पुलिस-प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाकर व्यवस्थित कर दिया है। इस कार्रवाई से जनपद में विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है।