इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ शाखा का वार्षिक शपथ ग्रहण समारोह आईएमए भवन, रिवर बैंक कॉलोनी में संपन्न हुआ। इस दौरान सत्र 2025-26 के लिए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारियां संभालीं। डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने अध्यक्ष पद की शपथ ली, जबकि डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने सचिव का पदभार ग्रहण किया। यह पद पिछले 21 वर्षों से रिक्त था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीरज बोरा थे, जो आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने चिकित्सा समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संवेदनशीलता और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों को उन्नत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. बोरा ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि आईएमए लखनऊ नई ऊर्जा व प्रतिबद्धता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा। आगामी वर्ष की योजनाओं की जानकारी दी विशिष्ट अतिथि डॉ. नरेंद्र अग्रवाल और डॉ. एन.बी सिंह ने आईएमए की सामाजिक और चिकित्सीय जिम्मेदारियों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य सुधार में संगठन की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।सत्र 2024-25 की अध्यक्ष डॉ. सरिता सिंह और सचिव डॉ. संजय सक्सेना ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईएमए लखनऊ जनस्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान और सामुदायिक कार्यक्रमों के विस्तार पर विशेष ध्यान देगा। आईएमए के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना और सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों से चिकित्सा समुदाय के सशक्तिकरण और समाज हित के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए आईएमए के साथ सक्रिय सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि नई टीम पारदर्शिता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करेगी।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।