यूपी के एटा में डीजे पर नाच रहे चाचा-भतीजे की एक गोली से मौत हो गई। गोली पहले भतीजे सोहेल (11) की गर्दन चीरती हुई निकली, फिर चाचा शाहरुख (17) के सिर में जा धंसी। दोनों फूफा के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार को बारात जानी थी। इससे पहले शनिवार रात घर में भात कार्यक्रम चल रहा था। नाबालिग चाचा-भतीजे घर के बाहर लगे डीजे पर डांस कर रहे थे। अचानक एक गोली चली और दोनों डांस फ्लोर पर गिर पड़े। डांस फ्लोर पर खून ही खून फैल गया। आसपास लोगों ने तुरंत दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां भतीजे की मौत हो गई। चाचा को आगरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चाचा की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 3-4 लोगों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि डीजे पर डांस के दौरान गोली चली। गोली किसने चलाई, यह पता लगाया जा रहा। मामला नया गांव थाना क्षेत्र का है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार पढ़िए… 1. ममेरे भाई की शादी में शाहरुख के साथ आया था सोहेल: असदनगर गांव में रहने वाले सलमान की रविवार को बारात जानी थी। शनिवार को भात का कार्यक्रम था। सभी मेहमान और घरवाले इसमें शामिल हुए थे। कुरावली में रहने वाला शाहरुख अपने दो बड़े भाइयों और भतीजे सोहेल के साथ अपने ममेरे भाई सलमान की शादी में शामिल होने आया था। 2. लॉन में प्रोग्राम, बाहर डीजे चल रहा था: शाहरुख के बड़े भाई असदुद्दीन ने बताया- हम लोग शनिवार दोपहर भात में शामिल होने गए थे। शाम को कार्यक्रम शुरू हुआ। सभी लोग अंदर लॉन में कार्यक्रम में थे। बाहर डीजे पर डांस चल रहा था। रात करीब 9 बजे शाहरुख और सोहेल डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान गोली चल गई। 3. दोनों फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे: शाहरुख के छोटे भाई अरशद ने बताया- गोली चलने की आवाज सुनकर हम लोग दौड़ कर बाहर आए। देखा शाहरुख और सोहेल दोनों फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। तुरंत दोनों को अलीगंज ले गए, जहां डॉक्टर ने सोहेल को मृत घोषित किया। शाहरुख की हालत गंभीर थी। उसे हायर सेंटर आगरा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बहन बोली- दोनों को गोली मारी गई
पुलिस के मुताबिक, गोली सोहेल की गर्दन, पीठ और शाहरुख के सिर में लगी। इलाज के दौरान मौत के बाद परिजन दोनों के शव अपने घर ले आए। शाहरुख की बहन रुखसाना ने बताया कि मेरे भाई और भतीजे को गोली मारी गई है। उनकी हत्या की गई है। शाहरुख 11वीं, सोहेल 8वीं में पढ़ता था
शाहरुख 11वीं का छात्र था। सत्नापुर कठिंगरा स्थित स्कूल में पढ़ता था। वहीं, सोहेल दिल्ली के नेहरू नगर में 8वीं में पढ़ता था। वह 5 दिसंबर (शुक्रवार) को ही घर आया था। सोहेल अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी छोटी बहन जोया (9) है। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया- भात कार्यक्रम के दौरान गोली चली है। जिसमें दो लड़कों की मौत हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। गोली चलने के कारणों की जांच की जा रही है। —————————– ये खबर भी पढ़ेंः- जालौन इंस्पेक्टर सुसाइड, पेट पर मिले पिस्टल से उठे सवाल, चैट बैकअप खोलेगा कई राज जालौन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय के सुसाइड को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिस हालत में शव मिला, उससे किसी साजिश का अंदेशा जाहिर हो रहा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 9 एमएम की पिस्टल से प्वाइंट ब्लैंक से चली गोली सिर के आरपार हुई है। हालांकि, पुलिस अभी उस कारतूस की भी तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…