कांग्रेस की 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने अयोध्या के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता की आवाज उठाने के लिए यह रैली महत्वपूर्ण साबित होगी। डॉ. खत्री कमला नेहरू भवन में महानगर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने की, जबकि संचालन अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामसागर रावत ने किया। बैठक में रैली की तैयारियों, संगठन विस्तार और जनसमस्याओं पर अभियान तेज करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. खत्री बोले- संगठन जितना मजबूत होगा, संघर्ष की शक्ति उतनी ही अधिक होगी
डॉ. खत्री ने भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के लिए लगातार हानिकारक बताते हुए कहा कि महंगाई, बेरोज़गारी और सामाजिक असमानता चरम पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन मुद्दों को हर घर तक पहुंचाएं। संगठन जितना मजबूत होगा, संघर्ष की शक्ति उतनी ही अधिक होगी।
कमला नेहरू भवन में कांग्रेस की बैठक
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की वास्तविक आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और जनता महंगाई से त्रस्त है। 14 दिसंबर की रैली केंद्र सरकार तक जनता का संदेश पहुंचाने का बड़ा मंच बनेगी। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि और जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष हमेशा जनता के हित में रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विफलताओं को उजागर करने के लिए घर-घर अभियान जरूरी है, और अयोध्या से बड़ी भागीदारी एकजुटता का मजबूत संदेश देगी। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह और रामदास वर्मा ने किसानों और युवाओं की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संवाद बढ़ाने की जरूरत है। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए ब्लॉक और वार्ड स्तर से कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों से दिल्ली के गांधी पार्क के लिए प्रस्थान करेंगे। बैठक में उग्रसेन मिश्रा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, नाजिश फातिमा, फ्लावर नकवी, बसंत मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।