मऊ के रसूलपुर गांव निवासी बीएसएफ के जवान अरविंद यादव का पश्चिम बंगाल सीमा पर ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी। अरविंद यादव पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात थे। उनके पार्थिव शरीर को जल्द ही पैतृक गांव रसूलपुर लाया जाएगा। सूचना मिलते ही परिवार गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे। उन्होंने वर्ष 2001 में बीएसएफ ज्वाइन किया था। परिवार की जिम्मेदारियां और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का भार भी उन्हीं पर था। स्थानीय लोगों ने बताया कि अरविंद यादव लंबे समय से बीएसएफ में सेवा दे रहे थे। हाल ही में उन्होंने परिवार से बातचीत कर जल्द घर आने की बात भी कही थी। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पूरा गांव स्तब्ध है।सूचना मिलते ही आसपास के लोग और परिचित परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।