जालौन के रामपुरा नगर में रविवार दोपहर एक सड़क हादसा हुआ। दोपहर करीब 3 बजे इंडियन बैंक के पास एक बाइक और स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार (UP71 AU 6361) विवेक सिंह निवासी खासीस चला रहे थे। वे अपने परिवार के साथ भैरव जी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रामपुरा से माधौगढ़ की ओर जा रही पल्सर 135 सीसी मोटरसाइकिल कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान पवन कुमार (17) पुत्र श्याम सुंदर निवासी पूरनपुरा के रूप में हुई है। बताया गया है कि पवन अपने ननिहाल पूरनपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था और किसी काम से बाहर निकला था। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल पवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।