मेरठ में ट्रेन से कटकर युवक की मौत:मलियाना ट्रैक पर हुआ हादसा, शव को कब्जे में लेकर पहचान में जुटी पुलिस

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना मलियाना रेलवे ट्रैक के पास हुई। अज्ञात युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीपी नगर थाना पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे यह हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया है। घटनास्थल से मृतक से संबंधित कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।