मेरठ में बाइक टकराने पर दो पक्षों में मारपीट:आबूलेन चौकी के पास हुआ विवाद, पुलिस पहुंचने से पहले भागे आरोपी

मेरठ में आबूलेन पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर ग्रीन होटल के सामने रविवार रात करीब 10:30 बजे बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इस घटना से यातायात भी बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, एक युवक ग्रीन होटल से खाना खाकर बाहर निकला और अपनी बुलेट बाइक पीछे कर रहा था। इसी दौरान सोतीगंज की तरफ से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी बुलेट टकरा गई। बाइक सवारों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद बुलेट सवार युवक ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। इसके बाद, दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने बुलेट सवार युवक से मारपीट शुरू कर दी। तीनों युवकों ने बीच सड़क पर बुलेट सवार की पिटाई की। घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई, और होटल के कर्मचारियों व राहगीरों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। सदर बाजार थाना प्रभारी विजय कुमार राय ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष वहां से भाग चुके थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।