आईआईटी रुड़की ने फ्लाईओवर रिपोर्ट सौंपी:लखनऊ में पॉलीटेक्निक से किसान पथ एलिवेटेड रोड को अब बजट का इंतजार

लखनऊ हाईकोर्ट की बेंच के समक्ष प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी और एलडीए ने जानकारी दी है कि पॉलीटेक्निक से किसान पथ तक प्रस्तावित फ्लाईओवर (एलिवेटेड रोड) के संबंध में आईआईटी, रुड़की ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। बजट आवंटन के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। न्यायालय ने इस मामले की अगली सुनवाई फरवरी के पहले सप्ताह में सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है। इस दौरान प्रक्रिया में हुई प्रगति की जानकारी मांगी जाएगी। यह आदेश न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला की खंडपीठ ने अवध बार एसोसिएशन की वर्ष 2017 की एक जनहित याचिका पर पारित किया। मेट्रो चलाना व्यावहारिक नहीं गौरतलब है कि कमता चौराहा और पॉलीटेक्निक चौराहे से किसान पथ तक होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए न्यायालय ने संबंधित विभागों को कई निर्देश दिए हैं। पूर्व में सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने न्यायालय को यह भी बताया था कि पॉलिटेक्निक से किसान पथ तक मेट्रो चलाना व्यावहारिक नहीं होगा, इसे किसी अन्य रूट पर चलाया जा सकता है।