मेरठ कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भिड़ंत:राष्ट्रीय सचिव प्रदीप निरवाल के सामने हुई, पत्रकारों से भी अभद्रता

मेरठ जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को पार्टी की आंतरिक बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार हंगामा हो गया। कार्यकर्ताओं की आपसी नोकझोंक देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप निरवाल, जिला अध्यक्ष गौरव भाटी और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बैठक की कवरेज कर रहे पत्रकारों से भी कुछ कार्यकर्ताओं ने अभद्र व्यवहार किया। हंगामा बढ़ने पर राष्ट्रीय सचिव प्रदीप निरवाल ने कड़ा रुख अपनाया और कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरवाल ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनकी फटकार के बाद कार्यकर्ता शांत हुए और बैठक को दोबारा व्यवस्थित तरीके से शुरू किया गया। प्रदीप निरवाल 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए मेरठ पहुंचे थे। बैठक में जिलेभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली की रणनीति पर चर्चा की। इसी दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन भी मनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे राजनीतिक जीवन की कामना की। इस विवाद के बावजूद बैठक अंततः सामान्य माहौल में संपन्न हुई। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर कांग्रेस संगठन में अनुशासन और एकजुटता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।