भाकियू कार्यकर्ताओं और टोल कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की, VIDEO:महिला विंग की जिलाध्यक्ष से विवाद के बाद प्रदर्शन, कर्मचारियों ने मानी गलती

बागपत जनपद के रमाला थाना क्षेत्र में स्थित बागपत-शामली हाईवे पर एक टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की महिला विंग की जिलाध्यक्ष उर्मिला के साथ टोल कर्मचारियों का विवाद हो गया। इस घटना के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। टोल कर्मचारियों द्वारा अपनी गलती स्वीकार करने के बाद धरना स्थगित कर दिया गया। भाकियू नेता चौधरी हिम्मत सिंह ने बताया कि जिलाध्यक्ष उर्मिला अपनी गाड़ी से अपने आवास लौट रही थीं। टोल से गाड़ी निकालने को लेकर टोल कर्मचारियों ने उनसे अभद्रता की। जब उर्मिला ने इसका विरोध किया, तो कर्मचारियों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। इस घटना की सूचना मिलने पर भाकियू संगठन ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। हिम्मत सिंह ने बताया कि बाद में टोल कर्मचारियों ने जिलाध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं से इस पूरे मामले पर माफी मांगी। इसके बाद भाकियू ने अपना प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया। हिम्मत सिंह ने टोल कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे अपने रवैये में सुधार करें और किसानों सहित सभी लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि जब भी वे टोल से गुजरें, तो पहले टोल पर एक संदेश भेज दें। भाकियू नेता ने स्पष्ट किया कि यदि संदेश भेजने के बाद भी टोल कर्मचारी समय पर गाड़ी नहीं निकालते या कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रशासन की होगी।