जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से टीचर की मौत हो गई। वह बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। उसे निकालने के चक्कर में बाइक बेकाबू हो गई। वह मुंह के बल गिर पड़े। मांझा उनके गले को चीरता चला गया। गर्दन आधे से ज्यादा कटकर लटक गई। गर्दन से खून का फौव्वारा जैसा निकला। टीचर काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। आसपास के लोग उन्हें देखकर घबरा गए। जैसे-तैसे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई। सवा घंटे तक डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की कोशिश की। लेकिन वह बच नहीं सके। डॉक्टरों ने कहा कि खून ज्यादा बह गया था। इसलिए उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसा गुरुवार सुबह 9 बजे जौनपुर में कोतवाली इलाके में हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले संदीप तिवारी (40) कोतवाली क्षेत्र के उमरपुर हरिबंधनपुर के रहने वाले थे। वे आर्यन डिग्री कॉलेज में टीचर थे। मूलरूप से अंबेडकरनगर के रहने वाले थे। टीचर की मौत के बाद उनकी पत्नी और रिटायर्ड दरोगा पिता विष्णु दत्त तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। टीचर ने बचने की कोशिश, लेकिन गर्दन कट गई घरवालों के मुताबिक, संदीप की सात साल की बेटी मन्नत सेंट पैट्रिक स्कूल में कक्षा-2 में पढ़ती है। वह आज सुबह बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। लौटते वक्त आजमगढ़-जौनपुर रोड पर शास्त्री पुल के पास चाइनीज मांझा उनके गले में लिपट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मांझा निकालने के लिए उन्होंने ब्रेक मारी, लेकिन बाइक बेकाबू हो गई। वह सड़क पर गिर पड़े और मांझा उनके गले को चीर गया। वह लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगे। राहगीर मदद को दौड़े। कुछ लोगों ने गले में रुमाल बांधकर खून रोकने की कोशिश की, लेकिन खून ज्यादा बहता रहा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नगर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने टांके लगाने की कोशिश की, लेकिन लगातार ब्लीडिंग के कारण संदीप की हालत बिगड़ती चली गई। सुबह 9.30 बजे उनकी मौत हो गई। छोटे भाई सौरभ ने बताया- भाभी रुचि तिवारी मायके गई हुई थीं, इसलिए भैया ही भतीजी को स्कूल छोड़ने गए थे। हादसे की खबर मिलने के बाद पत्नी रुचि तिवारी और बेटी मन्नत का रो-रोकर बुरा हाल है। गुस्साए लोग बोले- प्रशासन मांझे की बिक्री पर रोक नहीं लगा रहा स्थानीय लोगों ने बताया- चाइनीज मांझे की बेधड़क बिक्री हो रही है। सर्दी के दौरान पतंगबाजी काफी बढ़ जाती है। मकर संक्रांति के करीब आते ही चाइनीज मांझे से हादसे बढ़ जाते हैं, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। यूपी में बैन है चाइनीज मांझा यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है। सिटी मजिस्ट्रेट बोले- अभियान चलेगा सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि एक सूचना मिली है कि शास्त्री पुल के पास एक युवक की बॉडी मिली थी। उसके इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया । जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गयी। मौके पर कुछ मांझा मिला है। जांच की जा रही है। उसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। चाइनीज मांझे के खिलाफ शहर भर में अभियान चलाया जाएगा। लखनऊ में भी चाइनीज मांझे से युवक की गर्दन कटी, 7 टांके लगे लखनऊ में चाइनीज मांझे से युवक की गर्दन कट गई। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने गर्दन में 7 टांके लगाए। डॉक्टरों ने कहा- समय से आने से जान बच गई। युवक की हालत खतरे से बाहर है। घटना गुरुवार को बर्लिंगटन चौराहे के पास हुई। युवक की पहचान अश्विनी कश्यप (35) के रूप में हुई। अश्विनी बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान बर्लिंगटन चौराहे के पास पतंग का चाइनीज मांझा उनकी गर्दन उलझ गया। जब तक वह संभलते उनकी गर्दन कट गई। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया: गर्दन कटने से अश्विनी सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। राहगीरों ने तुरंत अश्विनी को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उनकी गर्दन पर गहरा घाव था। 7 टांके लगाने पड़े हैं। समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। डॉक्टरों ने कुछ दिनों तक विशेष निगरानी की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर… हाल में यूपी के कई जिलों में चाइनीज मांझा बना जानलेवा…. ——————————- ये खबर भी पढ़िए… मीनाक्षी शर्मा ने इंस्पेक्टर को पीटा, VIDEO बनाया:धमकाती थी 25 लाख नहीं दिए तो वीडियो पत्नी को भेज दूंगी जालौन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय के मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। आरोपी महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा ने इंस्पेक्टर का वीडियो बना लिया था। वह उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, मीनाक्षी और इंस्पेक्टर अरुण के बीच विवाद करीब एक महीने से चल रहा था। मीनाक्षी ने इंस्पेक्टर को पीट दिया था। पिटाई का उसने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। वह इंस्पेक्टर पर पैसे देने का दबाव बना रही थी। धमका रही थी कि अगर रुपए नहीं दिए तो पिटाई का वीडियो उनके घरवालों को भेज दूंगी। पूरे पुलिस विभाग में बदनाम कर दूंगी। पढ़िए पूरी खबर…