फर्रुखाबाद में भाई और उसकी दो बहनों की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बहनों को स्कूल छोड़ने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार मिनी ट्रक (डीसीएम) ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक समेत तीनों डीसीएम के अगले हिस्से में फंस गए और करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। भाई और उसकी एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई। एक की सांसें चलती देख राहगीरों ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, मगर उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर परिजन पहुंचे तो युवक की मां लाश देखकर चीख पड़ी। वह शव से लिपटकर रोते-रोते बेसुध हो गई। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने सड़क पर हंगामा कर दिया। सूचना पर अपर अपर पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक ड्राइवर की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं भेजेंगे। हादसा गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के नबीगंज रोड पर हुआ। 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से… मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भूड़ नगला गांव निवासी राजन (19) अपनी चचेरी बहन काजल (15) और सेजल (12) को स्कूल छोड़ने बाइक से लेकर जा रहा था। दोनों गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करती थीं।काजल कक्षा 10 और सेजल कक्षा-6 की छात्रा थी। इसी दौरान नबीगंज रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जब तक चालक ने ट्रक रोका, राजन और काजल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, सेजल लहूलुहान थी। दर्द से बुरी तरह कराह रही थी। उसे मल्टीपल फ्रैक्चर हुए थे। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद को दौड़े। हादसे की जानकारी मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल सेजल को तत्काल मोहम्मदाबाद सीएचसी ले जाने लगे। लेकिन बीच रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। परिवार ने शव उठाने से किया इनकार पुलिस की सूचना पर तीनों बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। राजन और काजल का शव देख परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। शवों को उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, न पोस्टमॉर्टम होगा, न ही अंतिम संस्कार। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। पर अब तक राजन और काजल के शवों को परिजनों ने पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने नहीं दिया है। पुलिस डीसीएम के नंबर से आरोपी चालक को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। ——————————- ये खबर भी पढ़िए… मीनाक्षी शर्मा ने इंस्पेक्टर को पीटा, VIDEO बनाया:धमकाती थी 25 लाख नहीं दिए तो वीडियो पत्नी को भेज दूंगी जालौन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय के मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। आरोपी महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा ने इंस्पेक्टर का वीडियो बना लिया था। वह उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, मीनाक्षी और इंस्पेक्टर अरुण के बीच विवाद करीब एक महीने से चल रहा था। मीनाक्षी ने इंस्पेक्टर को पीट दिया था। पिटाई का उसने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। वह इंस्पेक्टर पर पैसे देने का दबाव बना रही थी। धमका रही थी कि अगर रुपए नहीं दिए तो पिटाई का वीडियो उनके घरवालों को भेज दूंगी। पूरे पुलिस विभाग में बदनाम कर दूंगी। पढ़िए पूरी खबर…