नोडल जनपद वाराणसी में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गुरुवार को “संवर्धन” क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वाराणसी, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, चंदौली और सोनभद्र जिलों के बड़ी संख्या में PLV (पैरा लीगल वालंटियर)/ अधिकार मित्रों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र के दौरान विभिन्न जिलों से आए PLV के कार्यों की सराहना की गई। गाज़ीपुर से रणजीत कुशवाहा और उजाला श्रीवास्तव को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के सचिव विजय कुमार भी उपस्थित थे। प्रशिक्षण में पाँचों जिलों के सचिवों और विभागीय प्रतिनिधियों ने PLV/अधिकार मित्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया। महिला कल्याण विभाग, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन, समाज कल्याण विभाग, पुलिस विभाग और बाल संरक्षण इकाइयों ने प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और जमीनी स्तर पर सहायता प्रदान करने की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान मिला। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण PLV/अधिकार मित्रों को विधिक सेवाओं की समझ बढ़ाने, कौशल में सुधार करने और समाज में न्याय की पहुँच को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हुआ।