झांसी के IG आकाश कुलहरि एक्शन मूड में नजर आए। SSP ऑफिस में किसान की शिकायत सुनकर इंस्पेक्टर पर खफा हो गए। उन्होंने तत्काल इंस्पेक्टर को फोन घनघना दिया और जमकर हड़काया। कहा- किसान की शिकायत का समाधान क्यों नहीं हुआ? क्यों देरी हो रही है? इस पर ककरवई थाने के इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने दबी आवाज में कहा- सर, पीड़ित थाने नहीं आया। इस पर IG बोले- ये कैसे संभव हो सकता है कि पीड़ित 100 किलोमीटर दूर SSP ऑफिस 7 बार आ गया और थाने नहीं गया। आपको सस्पेंड कर देना चाहिए। अब तुम्हें ही चलना होगा, दो दिन में मुझे फोन कर रिपोर्ट दो। इसके अलावा, IG ने गुरुवार को मिशन शक्ति प्रभारी समेत 4 को सस्पेंड कर दिया। CO को भी चेताया। कहा- यहां कोई मजाक नहीं चल रहा है। टाइम पास मत किया करो। चलिए, सिलसिले तरीके से पूरा जानते हैं… झांसी के IG आकाश कुलहरि गुरुवार शाम को SSP ऑफिस में निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण कर पीड़ितों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान एक किसान उनके पास पहुंचा। उसने बताया- वह सिया गांव का रहने वाला है। उसका पड़ोसी से मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा है। उसकी बकरियां खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा देती हैं। पड़ोसी को समझाया पर वह मुझसे लड़ने को तैयार हो जाता है। मैं 5 किमी की दूरी तय कर ककरवई थाने गया, लेकिन मेरी शिकायत का समाधान नहीं हुआ। अब 7 बार थाने जा चुका हूं, लेकिन मेरी सुनवाई नहीं हो रही है। IG बोले- कैसे हो सकता है, कोई सात बार SSP ऑफिस आए और थाने न जाए IG ने ककरवई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह को कॉल लगाई। स्पीकर पर उससे बात की। पूछा कि अब तक किसान की शिकायत का समाधान क्यों नहीं हुआ? क्यों देरी हो रही है? जवाब में इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने कहा कि ये व्यक्ति थाने कभी नहीं आया है। IG ने कहा- ये कैसे हो सकता है? ये कैसे संभव है कि पीड़ित 100 किलोमीटर दूर SSP ऑफिस 7 बार आ गया और थाने नहीं गया। आपको सस्पेंड कर देना चाहिए। 1:49 मिनट के वीडियो में IG ने इंस्पेक्टर से क्या कहा… पढ़िए अब पढ़िए 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड क्यों किया? SSP ऑफिस में निरीक्षण के दौरान यात्रा भत्ता एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों में लापरवाही पाये जाने पर अकाउंटेंट प्रमोद कुमार पाल को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद मऊरानीपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान IG ने मिशन शक्ति केंद्र के स्टाफ से कामकाज की जानकारी ली। SI से पूछा- बच्चियों के कितने स्कूल हैं और कम्प्लेंट बॉक्स कितनों में है? जवाब में बताया- 6 स्कूल हैं। कुछ में कम्प्लेंट बॉक्स हैं और कुछ में नहीं। इस पर IG ने कहा- कुछ क्या होता है? कुछ मतलब क्या? रेप का एक केस पेंडिंग है। कौन सा मामला पेंडिंग है? SI कोई जवाब नहीं दे पाई। IG ने फिर पूछा कि मऊरानीपुर थाने में महिला संबंधी अपराध के कितने केस दर्ज हुए। आप मिशन प्रभारी के साथ पूरी टीम बैठे हुए हो। इस पर बताया- 41 केस हैं। IG ने पूछा- कितनों में निस्तारण हुआ है? SI इस सवाल का जवाब नहीं दे पाई। IG ने कहा- लग नहीं रहा है कि आप लोग काम कर रहे हैं। आप केवल टाइम पास कर रहे हो क्या? पिछले महीने में महिला संबंधी कितने केस दर्ज हुए? तीनों में से कोई जवाब दे दो। लेकिन SI और दोनों महिला सिपाही जवाब नहीं दे पाए। IG ने कहा कि यहां कोई मजाक नहीं चल रहा है। टाइम पास मत किया करो। IG बोले- आप मुआवजा नहीं दिलाओगी तो कौन दिलाएगा? रेप का केस कौन मॉनिटरिंग कर रहा है? जब महिला से संबंधित अपराध होगा, तो आपको पर्यवेक्षण करना है। आपने किया? 6 महीने पहले का है, तो आप करेंगी नहीं क्या? यहां मजाक चल रहा है क्या? बैठकर केवल टाइम पास कर रहे हो। केवल तीन महिलाएं आपसे मिलने आती हैं, उसके अलावा आपका काम क्या है? कोई काम नहीं है। आपका काम केवल यही है कि महिला संबंधी अपराध में आपको पर्यवेक्षण करना है। उनको मुआवजा दिलाना है। अगर आप मुआवजा नहीं दिलाओगी, तो कौन दिलाएगा? SI और सिपाही कुछ नहीं बोलती हैं। IG ने प्रभारी SI मंजू देवी, महिला सिपाही जसना चौधरी और रीता बिंद को सस्पेंड कर दिया। ————————————- यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में डिप्टी CM आवास से युवक अरेस्ट:सिक्योरिटी से बोला- मैं दिल्ली BJP अध्यक्ष का प्रतिनिध; जांच में फ्रॉड निकला लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास से फ्रॉड युवक पकड़ा गया। नोएडा का रहने वाला दशरथ पाल सिंह खुद को दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का प्रतिनिधि बताकर डिप्टी सीएम से मिलने पहुंचा था। सतर्कता टीम ने उसके व्यवहार और दस्तावेजों पर संदेह होने पर तुरंत जांच की और फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही उसे हिरासत में ले लिया। पढ़ें पूरी खबर….