बागपत के किशनपुर–बराल–पुसार मार्ग पर इब्राहिमपुर माजरा गांव के निकट शुक्रवार दोपहर एक ट्रक में अचानक शॉर्ट-सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 5 लाख रुपए के बर्तन जलकर राख हो गए। ट्रक चालक मिंटू कुमार ने कूदकर अपनी जान बचाई। हरियाणा के यमुनानगर से गाजियाबाद जा रहा यह ट्रक बर्तनों से लदा हुआ था। हाईवे पर अचानक आग लगने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक चालक मिंटू कुमार, निवासी बुढ़िया चौक (जगाधरी, हरियाणा), ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे अचानक ट्रक के केबिन में शॉर्ट-सर्किट हुआ और आग लग गई। उन्होंने ट्रक रोककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें लदे सभी बर्तन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग शॉर्ट-सर्किट की वजह से लगी थी। उन्होंने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है, और घटना की जांच जारी है।