बदायूं में ट्रक-ऑटो टक्कर, एक की मौत:छह घायल, मूसाझाग थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

बदायूं में एक ट्रक और ऑटो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। यह हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र में बदायूं-दातागंज रोड पर हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय रजत गुप्ता पुत्र दिनेश चंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। उनके साथ ऑटो में सवार 18 वर्षीय संजय गुप्ता पुत्र पंकज गुप्ता भी घायल हुए हैं। दोनों बदायूं से ऑटो में बैठकर दातागंज जा रहे थे। मूसाझाग से कुछ पहले पहुंचने पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार अन्य लोग कूद गए, लेकिन रजत ऑटो में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल रजत तथा संजय को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रजत को मृत घोषित कर दिया। रजत के शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई। घायल संजय गुप्ता ने बताया कि वे दिल्ली से आ रहे थे और बदायूं में रजत से मिले थे। इसके बाद दोनों एक ही ऑटो में सवार होकर दातागंज जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।